






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 जून 2023। पुलिस पर आए दिन लगने वाले आरोप भले ही पुलिस की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। श्रीडूंगरगढ़ थाने में वर्ष 2023 के शुरूआती पांच महिनों में दिखाई गई सक्रियता सफल पुलिसिंग की स्टोरी बयां कर रही है। हालांकि श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में इस वर्ष के प्रारंभ पांच महीनों में दर्ज हुए मुकदमों की संख्या में भी अप्रत्याशित वृद्धि हुई है और यह भी कहा जा सकता है कि वर्ष भर में दर्ज होने वाले मुकदमों की औसत संख्या इस वर्ष मई अंत तक ही प्राप्त हो चुकी है।
हेलमेट के अभाव में गई जानें, पुलिस ने उठाया हेलमेट याद रखवाने का बीड़ा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में गत दिनों हुई दुर्घटनाओं में हेलमेट के अभाव में बड़ी संख्या में युवक हताहत हुए। सड़क दुर्घटनाओं में हर दिन होने वाली मौतों के कारण क्षेत्र के लोगों सहित पुलिस जवानों का मन भी व्यथित होने लगा। हेलमेट की अनिर्वायता का विशेष अभियान जिले भर में तो कुछ दिन पहले ही शुरू हुआ है लेकिन श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों को रोकने के लिए श्रीडूंगरगढ़ पुलिस द्वारा शहर में आने वाली सभी सड़कों पर रोटेशन वाइज विशेष कैम्प लगाए गए और केवल पांच महिनों में ही 1हजार से अधिक बिना हेलमेट के चालान काटे गए। यहां हैरत की बात यह निकल कर सामने आई की पिछले दो वर्षों के आंकड़ों में मई तक हेलमेट के चालान शून्य थे। पुलिस की इस सख्ती का परिणाम रहा कि क्षेत्र में नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे पर प्रतिदिन श्रीडूंगरगढ़ आने जाने वाले ग्रामीण युवाओं ने हेलमेट को अपना साथी बना ही लिया है।
दुगुने चालान, सात गुना वसूली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस द्वारा मई माह के अंत तक वर्ष 2021 में 1192 चालान काटे गए एवं दो लाख दो सौ रुपए का जुर्माना वसूला गया। वर्ष 2022 में 1,238 चालान काटे गए एवं एक लाख उन्यासी हजार सात सौ रुपए का जुर्माना वसूला गया। वहीं इस वर्ष श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी द्वारा विशेष निर्देश देकर सड़क सुरक्षा नियमों की पालना, जनता की आदत में हेलमेट प्रयोग लाने के लक्ष्य के साथ अब तक 2248 चालान काटे गए एवं 12 लाख 91 हजार 7 सौ रुपए का जुर्माना वसूला गया है। वर्ष 2022 के मुकाबले चालान करीब दुगुने एवं जुर्माना करीब सात गुना अधिक वसूला गया है। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने केवल पांच महिनों में करीब 13 लाख रुपए राज कोष में जमा करवाए है। जिसकी खासी चर्चा भी हो रही है।
मुकदमों की संख्या भी अप्रत्याशित, पुलिस कार्रवाई भी सामान्य से दुगुनी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ थाने में इस वर्ष मुकदमों की संख्या भी औसत से कहीं अधिक रही है। यहां मई के अंत तक वर्ष 2021 में कुल 143, वर्ष 2022 में 171 मुकदमें थे लेकिन वर्ष 2023 में 289 मुकदमें दर्ज हो चुके है। मुकदमों की संख्या भी औसत से कहीं अधिक इस वर्ष रही है। लेकिन इस बढ़ते आंकड़े में भी राहत देने वाली बात यह है कि इस वर्ष पुलिस द्वारा अपराध रोकने के लिए की गई विभिन्न एक्ट के तहत कार्रवाई वाले मुकदमे भी बड़ी संख्या में है। गत वर्ष मई अंत तक मादक पदार्थों की रोकथाम संबधी कार्रवाई केवल 1 मामले में थी लेकिन इस वर्ष एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 मुकदमें दर्ज हो चुके है। इसी प्रकार विभिन्न एक्ट की बात करें तो मई अंत तक वर्ष 2021 में एक्ट के 31 मामले, वर्ष 2022 में 34 मामले थे लेकिन वर्ष 2023 में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली एवं पुलिस ने 66 मामले विभिन्न एक्ट में दर्ज कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
दुपहिया पर घर से निकले तो हेलमेट या जेब में 1000 रुपए लेकर निकले।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ पुलिस ने क्षेत्र की जनता को सीधा संदेश दे दिया है की जब भी घर से दुपहिया वाहनों पर निकले तो आपके पास या तो हेलमेट होना चाहिए या फिर जेब में एक हजार रुपए। इसी सख्ती का परिणाम है की पुलिस द्वारा वसूले गए करीब 13 लाख रुपए के जुर्माने में 11 लाख रुपए तो केवल हेलमेट नहीं होने के चालान से वसूले गए है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता भी पुलिस की हेलमेट सख्ती के लिए पुलिस का आभार जता रहे है। साथ ही क्षेत्रवासियों की यहां के नेताओं से अपील है की वो भी संकल्प लेवे की हेलमेट चालान के मामले में किसी की भी सिफारिश नहीं करेंगे।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने को ही प्राथमिक लक्ष्य बनाया गया एवं सड़क सुरक्षा के नियमों की पालना लोगों के जीवन की आदतों में शामिल करवाने के लिए सख्ती के साथ विशेष अभियान चलाया गया। हालांकि इससे नाराजगी तो झेलनी पड़ी लेकिन अभियान सफल है क्योंकि अब अधिकांश लोगों को हेलमेट के साथ ही सफर करते देखा जा रहा है।
अशोक विश्नोई, थानाधिकारी श्रीडूंगरगढ़।




