






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अगस्त 2024। राष्ट्रनायक वीर दुर्गादास राठौड़ की 385वीं जयंती श्रीडूंगरगढ़ में श्री रघुकुल राजपूत छात्रावास भवन में उत्साह व श्रद्धापूर्वक मनाई गई। श्री क्षत्रिय युवक संघ के संस्थापक तनसिंहजी की जन्म शताब्दी वर्ष के तहत दुर्गादास राठौड़ जयंती समारोह में संघ के केंद्रीय महिला प्रकोष्ठ के प्रभारी जोरावरसिंह भादला के सान्निध्य में मनाया गया। भादला ने कहा कि दुर्गादास शौर्य, स्वाभिमान व स्वामी भक्ति की मिसाल थे। जिन्होंने अपने गुणों के आगे राज भी ठोकरों में रखा। उन्होंने समाज को एकजुट होकर क्षात्र धर्म का निर्वाह के लिए प्रतिबद्ध होने की प्रेरणा दी। समारोह में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त राजस्थान सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजोर शामिल हुए। बाजोर ने ओजस्वी व्यक्तव्य में कहा कि देश, समाज व धर्म के लिए त्याग, बलिदान और सेवा देने वाला ही पूजनीय बनता हैं। वही देव होते है और हर युवा दुर्गादास बनकर देव बन सकता हैं। समाज उसी का पूजन करता है जिसने क्षमताओं से बढ़कर बलिदान दिए है। बाजोर ने कहा कि मनुष्य जीवन मिला है तो दूसरो का भला करें। वर्तमान समय में जरूरत है कि देश का नेतृत्व मजबूत हो। स्थानीय मुद्दों पर चुनाव स्थानीय हिसाब से हो परंतु देश का चुनाव में देश को मजबूत नेतृत्व देने वाले को ही चुने। बाजोर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बन गया यह देश का सौभाग्य वरना देश के तीन टुकड़े हो जाते। बाजोर ने कहा कि देश भक्ति क्षात्र धर्म का हिस्सा है और युवा उसे जीवन में अपनाए। बाजोर ने देश के प्रति वफादार बनने व आस पास की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया बाजोर ने छात्रावास के निर्माण के लिए 2 लाख रूपए की सहयोग राशि की घोषणा करते हुए विधायक से भी सहयोग की अपील की। इस दौरान संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक भरतसिंह राठौड़ ने संघ की स्थापना, लक्ष्य व प्रयासों के बारे में जानकारी देते हुए युवाशक्ति को क्षात्र धर्म निभाने का आह्वान किया।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम प्रारंभ, वक्ताओं ने संघ की सेवाओं को सराहा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कार्यक्रम में अतिथि रूप में विधायक ताराचंद सारस्वत, विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, साहित्यकार गिरधरदान रतनू, शामिल हुए। वहीं मंच पर भरत सिंह राठौड़, करण प्रताप सिंह शेखावत, छेलूसिंह शेखावत, रामेश्वरलाल पारीक, शिव स्वामी मौजूद रहें। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम प्रारंभ किया। साहित्यकार गिरधरदान रतनू ने काव्य के माध्यम से क्षत्रिय धर्म का उल्लेख करते हुए क्षात्र धर्म को आत्मसात करने का आह्वान किया। विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि सभी समाज दुर्गादास जैसी महान शख्सीयत का स्मरण रखें जिसने स्वामीभक्ति और स्वाभिमान के महान आदर्श को स्थापित किया। उन्होंने कहा कि जो मिलेगा वह भाग्य है इसलिए किसी से दगा ना करें। सारस्वत ने कहा कि श्री क्षत्रीय युवक संघ का साधुवाद है जो समाज में जागरूकता के प्रयास कर रहा है। वहीं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त रामगोपाल सुथार ने कहा कि दुर्गादास का उत्साह और स्वाभिमान का भाव आज भी युवाओं में हो। युवा रक्त उनसे प्रेरणा लेकर समाज व देश के लिए सेवाएं देवें।
उपखंड के सभी गांवो से एकत्र हुए राजपूत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच रतनसिंह, विक्रमसिंह सत्तासर, पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह, जोधासर सरपंच प्रतिनिधि भंवर सिंह, सेरूणा सरपंच प्रतिनिधि रणवीर सिंह, एडवोकेट रणवीर सिंह, पार्षद विक्रम सिंह, अगर सिंह कोटासर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य जगमाल सिंह, महेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में संघ के युवा कार्यक्रम में शामिल हुए।






