May 20, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 नवंबर 2025। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत क्षेत्र की सभी स्कूलों के समस्त कार्मिकों को कल, बुधवार को बीएलओ के सहायतार्थ नियुक्त करने का आदेश मंगलवार को सभी यूसीईओ और पीईईओ को दिया गया है। बीते रविवार को सभी शिक्षकों को बीएलओ की सहायता के लिए नियुक्त किया गया और आज आए आदेश के बाद कार्मिकों में नाराजगी का माहौल छा गया है। शिक्षकों ने बताया कि 20 नवंबर से 2 दिसंबर तक सभी कक्षाओं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं करवाई जानी है। पहले ही ये परीक्षाएं एक माह पहले कर दी गई जिससे बच्चों के सेलेबस भी अधूरे है। एसआईआर के चलते पूर्व में भी बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। वहीं शिक्षकों ने आदेश को बेतुका बताते हुए कहा कि इस तरह के आदेशों के चलते स्कूल कैसे चलेंगे.? शिक्षकों ने बताया कि समस्त कार्मिकों के एसआईआर में लगने पर बुधवार को सभी स्कूल बंद रखे जाएंगे क्या.? उन्होनें कहा कि कल केवल कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को कल परीक्षा तैयारी का अवकाश है परंतु सभी 1 से 5 व 1 से 8वीं तक के विद्यार्थी कल किसके भरोसे स्कूल आएंगे। एक पीईईओ ने बताया कि पहले बीएलओ, फिर सहायक बीएलओ के बाद सभी कार्मिकों को ऐसे आदेशों से पाबंद किया जा रहा है। कार्मिकों ने बताया कि शिक्षा सचिव के आदेशानुसार 33 प्रतिशत से अधिक शैक्षिक स्टाफ को एसआईआर में नहीं लगाया जा सकता है। सचिव के आदेश में परीक्षा केंद्राधीक्षक को इस कार्य से मुक्त रखने का आदेश दिया है। उन आदेशों की अवहेलना पर नाराजगी जताते हुए कुछ शिक्षक नेताओं ने जयपुर तक आदेश व शिकायत भेजी है।