






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अगस्त 2021। क्षेत्र में लगभग सभी गांवो में बादलों की रिमझिम या झमाझम आज जारी है। फसलें रिमझिम के पानी से खिल उठी है और किसानों की आंखों में चमक आ गई है। वहीं गांव सुरजनसर में एक किसान की आंखें लाखों का नुकसान होने से नम हो गई है और मदद की राह देख रही है। चौथाराम शर्मा के खेत में काश्तकार खियांराम ब्राह्मण परिवार सहित रहता है और आज दोपहर 11 बजे उसके ट्रांसमीटर पर आकाशीय बिजली गिरी जिससे मोटर, केबल, स्टार्टर, वायर, फिटिंग सहित सभी उपकरण जल कर खाख हो गए। अनुमानित नुकसान 2 लाख से अधिक का बताया जा रहा है तथा गनीमत रही कि किसान परिवार उस समय ढाणी में था व मीटर के पास कोई नहीं था जिससे जान माल का नुकसान नहीं हुआ। सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि सोमवार सुबह तहसीलदार को लिख कर देंगे व किसान के लिए मदद की मांग की जाएगी।







