






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 नवंबर 2024। आधी रात बाद शराब के नशे घर में घुसने व दुकान खाली करवाने के लिए गालियां देते हुए महिला से धक्का मुक्की करने व उसके बेटे व बेटी को जान से मारने की धमकी देने का मामला श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज हुआ है। गांव रीड़ी निवासी 55 वर्षीय जड़ाव देवी पत्नी मघाराम मेघवाल ने इसी गांव के कालूराम पुत्र कोजुराम मेघवाल के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे आरोपी शराब के नशे में खिड़की तोड़कर उसके घर में घुसा और गालियां देते हुए किराए पर दी गई उसकी दुकान को खाली करवाने की धमकी दी। आरोपी ने उक्त दुकान में नशे का कारोबार करने की बात कहते हुए परिवादिया से धक्का मुक्की की। पीड़िता के पुत्र व पुत्री के साथ अभ्रदता की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब 2 घंटे आरोपी ने उसके घर में उत्पात मचाया। 1 नवंबर की शाम करीब 5-6 बजे आरोपी व उसका एक साथी नोरंगलाल पुन: लाठियां लेकर उसके घर के सामने आए व धमकियां देने लगे। पीड़िता ने लंबे समय से आरोपी द्वारा परेशान करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल बलवीरसिंह को दी है।




