May 20, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 29 जनवरी 2026। क्षेत्र में चोरी की वारदातों में लगातार इजाफा हो रहा है। बीती रात एक पीएचईडी के पुराने ट्यूबवेल से करीब 3 लाख का सामान चोरी हो जाने का मामला सामने आया है और ग्रामीणों ने बिजली विभाग व पीएचईडी पर घोर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए है।
क्षेत्र के गांव बाडेला में विभाग के एक पुराने बंद पड़े ट्यूबवेल से एक 30 एचपी की मोटर व 55 पाइप केबल चोरी हो गई है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि 17 अगस्त 2025 में विभाग का नया ट्यूबवेल बनकर तैयार हो गया। नए ट्यूबवेल पर स्वीच रूम भी बनाया गया है और उससे टंकी तक लाइन भी डाली हुई है। केवल बिजली कनेक्शन में बरती गई लापरवाही से लाखों का नुकसान हो गया है। जिसका खामियाजा और अधिक लेटलतीफी के रूप में ग्रामीणों को ही उठानी होगी। एक माह पहले कनेक्शन के लिए पोल भी डाले गए। यदि बिजली विभाग ने समय से लाइन डालकर कनेक्शन कर दिया होता तो चोरी हुई मोटर व केबल उसमें लग जाती और नया ट्यूबवेल शुरू हो जाता। ग्रामीणों की पेयजल समस्या का समाधान भी हो जाता।