May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-08-10 at 10.08.45

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अगस्त 2025। क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर लगाम नहीं लग रही है। अब बेखौफ चोर लोगों के घरों में घुसकर सोते हुए महिलाओं के गले से सोने के हार तोड़ कर ले-जाने लगे है। क्षेत्र में हुई बड़ी चोरियों के मामलों में भी गहने नगदी की बरामदगी की उम्मीदें अब पीड़ितों की टूटने लगी है। अंचल के गांव बिग्गाबास रामसरा में शुक्रवार रात दो चोर दीवार फांदकर चार घरों में घुसे। बेखौफ चोरों ने तीन घर में तो बाखल में सो रहें घर मालिकों के सिराहने रखे मोबाइल फोन उठाकर ले गए। वहीं चौथे घर में एक मोबाइल फोन उठाया, वहीं राखी बाधंने आई बहनों के गले से सोने फुलड़े व मोती लगे हार तोड़ कर भाग छूटे। पीड़ित शनिवार को थाने पहुंचे व चोरों की करतूत पर नाराजगी जताते हुए पुलिस को परिवाद दी। पीड़ित गोपालसिंह पुत्र जीवराजसिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी दो बहने मनुकंवर व बीजूकंवर रक्षाबंधन के त्योहार पर उसके घर आई हुई है। शुक्रवार रात सभी ने खाना खाकर करीब 11 बजे सी हथाई करते हुए, घर की बाखल में बनी चौकी पर सो गए। रात 12.50 बजे दोनों बहनों के चिल्लाने पर सभी जाग उठे। यहां अज्ञात चोरों ने दोनों बहनों के गले से सोने के फुलड़े व मोती लगे हार तोड़ लिए। परिवादी सहित उसका भाई व बेटे सभी ने दो चोरों को भागते हुए देखा और उनका पीछा किया। परंतु चोर अपनी मोटरसाइकिल का फायदा उठाते हुए बाइक लेकर भाग छूटे। जब ये घर आए तो पता चला परिवादी के भाई महेंद्र के सिराहने रखा मोबाईल भी चोर उठा ले गए है। शनिवार सुबह उन्हें आस पड़ोस से जानकारी मिली कि पड़ोस के दो भाइयों के मकान देवराज व मामराज पुत्र बद्रीराम ब्राह्मण तथा किशनलाल पुत्र रामेश्वरलाल ब्राह्मण के घर भी ये चोर घुसे। इन घरों में भी देवराज, महावीर पुत्र मामराज व किशनलाल के सिराहने रखे फोन चोरी कर ले गए। शनिवार को पूरे गांव में चोरों के बढ़ते हौसले व पुलिस की पकड़ से चोरों के दूर होने की चर्चा आम रही। ग्रामीणों ने बेखौफ चोरों की हरकतों को देखते हुए गांव में गश्त बढ़ाने की मांग की। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई ग्यारसीलाल को सौंप दी है।