May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 मार्च 2022। श्रीडूंगरगढ़ के बाना गांव में जीएसएस पर कार्यरत कर्मचारी अशोक बाना की करंट लगने से हुई मौत के बाद विद्युत विभाग द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि 5 लाख रूपए मिलने में हुई देरी व विभाग की बेपरवाही के प्रति पूरे गांव ने एकजुट होकर सत्याग्रह किया। आखिर आज अशोक के परिजनों को पांच लाख का चैक विधायक गिरधारीलाल महिया के हाथों सौंप दिया गया। विभाग के कार्मिकों की उपस्थिति में मृतक के बुजुर्ग दादाजी मेघाराम बाना ने नम आंखो से चैक ग्रहण किया व इस चैक को अशोक के आश्रितों के लिए संबल बताया। इस दौरान श्रीडूंगरगढ़ प्रथम सहायक अभियंता मुकेश कुमार मालू, कनिष्ठ अभियंता जवानाराम जाट, सहायक राजस्व अधिकारी ओमनाथ सिद्ध, पूर्व सरपंच भंवरलाल बाना, गंगराम बाना, मेघाराम बाना, भंवरलाल ग्वाला आदि उपस्थित रहे। बता देवें इस जरूरतमंद परिवार की मदद हेतु पैरवी में इस परिवार के साथ पूरा गांव खड़ा हो गया था। इस मामले में गत दिनों यूथ कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने ग्रामीणों के साथ विद्युत विभाग को घेर कर आंदोलन किया। प्रदर्शन इतना जबरदस्त था कि विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों ने अपनी सीट से नहीं उठने दिया। आखिर उपखंड अधिकारी डॉ. दिव्या चौधरी ने बीच बचाव कर अपनी जिम्मेदारी पर शीघ्र चैक दिलवाने का आश्वासन दिया और प्रदर्शन समाप्त करवाया था।