






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 फरवरी 2022। 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके सभी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में होने चाहिए और देशहित में यह जिम्मेदारी 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक शिक्षार्थी व आम नागरिक की है। यह आह्वान किया गया बुधवार को कस्बे के राउमावि में चल रहे स्टेट ओपन स्कूल के 15 दिवसीय शिक्षार्थी ओरीएंटेशन शिविर में। शिक्षाविद प्रदीप कुमार कौशिक ने इस मौके पर मतदाता सूची से वंचित शिक्षार्थियों, घर-परिवार, पड़ोस में पात्र व्यक्ति जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है, उन्हें नाम आनलाईन जुड़वाने को कहा। इस मौके पर राज्य निर्वाचन दक्ष प्रशिक्षक एवं जिला प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. राधाकिशन सोनी ने चुनाव आयोग द्वारा आयोजित की जा रही प्रश्नोत्तरी, सॉन्ग, वीडियो मेकिंग, पोस्टर डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के बारे में बताया। सोनी ने बताया कि मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित इन आनलाईन प्रतियोगिताओं में देश का कोई भी नागरिक 15 मार्च 2022 तक ऑनलाइन भाग ले सकता है। उन्होंने प्रतियोगिताओं की थीम, अवधि एवं नियम-शर्तों के बारे में बताया। पर्यवेक्षक राजू शर्मा ने वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं आदि के लिए आयोग द्वारा शुरू डाक से मतदान के बारे में जानकारी दी। व्याख्याता अनिल कुमार गोयल ने आयोग की स्थापना, मतदाता दिवस, विभिन्न थीम्स, मतदाता सूची एवं निर्वाचन इतिहास के बारे में बताया। शिविर में 80 शिक्षार्थियों ने भाग लिया।




