






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अगस्त 2023। आजादी के अमृत महोत्सव के समापन कार्यक्रम पर जिले में ऐतिहासिक आयोजन होगा जिसमें जन जन को इस भागीदारी से जोड़ने की तैयारियां प्रारंभ हो गई है। जिले के हर गांव से लेकर “मेरी माटी मेरा देश” अभियान का आयोजन जिला मुख्यालय तक उत्साह के साथ किया जाएगा। जिसके तहत देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि देने हेतु ग्राम, ग्राम पंचायत, ब्लॉक, जिला राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर 9 से 20 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 अगस्त को ग्राम स्तर पर, 11 अगस्त को पंचायत स्तर पर व 15 अगस्त को ब्लॉक स्तर पर राष्ट्रीय उत्सवों का उल्लास के साथ आयोजन किया जाएगा। वहीं नगर पालिका स्तर पर 10 अगस्त को तथा जिला स्तर पर 15 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित होगा। इस संबंध में बुधवार को तैयारी बैठक का आयोजन किया गया व कलाल ने संबंधित विभागों को समन्वय कर आयोजन के निर्देश दिए। बता देवें शुक्रवार को उपखंड कार्यालय में संबंधित विभागों की बैठक भी बुलाई गई है जिसमें कार्यक्रमों के आयोजन संबंधी चर्चा की जाएगी।
गांव की मिट्टी लेकर करेंगे पांच प्रतिज्ञाएं-
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कलेक्टर ने अपनी मिट्टी के गौरव व इतिहास को समझने, वीर शहीदों के प्रति युवा पीढ़ी में सम्मान का भाव जगाने, राष्ट्रव्यापी समझ विकसित करने, संस्कृति की पहचान करने, की दृष्टि से गांव की मिट्टी को लेकर पांच प्रतिज्ञाएं प्रति नागरिक द्वारा किए जाने की बात कही है। इस कार्यक्रम के तहत मातृभूमि की स्वतंत्रता और उसकी गौरव की रक्षा के लिए शहीद हुए वीरों को नमन करने के साथ ही उनके नाम शिलालेख पर अंकित करवाए जाएंगे। 9 से 15 अगस्त तक जिले के समस्त सरकारी कार्यालयों में भी कार्मिकों द्वारा ये पांच शपथ ली जाएगी।
पौधारोपण करने के निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने ग्राम स्तर पर 75-75 पौधे लगाकर अमृत वाटिकाएं बनाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में भी ये वाटिकाएं लगाई जाएंगी। जिसमें पुलिस, सैनिक कल्याण, नेहरू युवा केंद्र, शिक्षा, जिला परिषद सहित संबंधित विभागों को समन्वय से काम करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति से जुड़े इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास प्रशासन द्वारा किए जाए। बैठक में सीईओ जिला परिषद नित्या के, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) ओमप्रकाश सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



