






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 फरवरी 2024। समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद प्रारंभ होने के अगले दिन ही बंद हो गई जिससे क्षेत्र के किसान बुरी तरह से परेशान हो उठे है। गत बुधवार, 31 जनवरी को क्रय विक्रय सहकारी समिति में खरीद के लिए पूजन किया गया तथा गुरूवार से विधिवत खरीद प्रारंभ की गई। मात्र एक दर्जन किसानों की मूंगफली खरीद हो पाई और गुरूवार शाम से ही समर्थन मूल्य पर खरीद बंद पड़ी है। उपखंड क्षेत्र में 29 जनवरी को किसानों के पास विभाग ने खरीद के मैसेज दिए। किसान 1 फरवरी से मूंगफली लेकर मंडी पहुंच गए। बड़ी संख्या में किसानों ने ढेरी लगा दी, बड़ी संख्या में किसान 2 फरवरी से आज 5 फरवरी तक अपनी मूंगफली लेकर मंडी में खड़े है। किसान मायूस है कि परिवहन खर्च लगने के बाद भी खरीद नहीं हो पाई है। मंडी परिसर में तीन से खड़े समंदसर के किसान मामराज गोदारा ने बताया कि मूंगफली इस बार किसानों के लिए महंगा सौदा साबित हुई है जिससे किसान निराश है। कानाराम चाहर ने बताया कि बिजाई के बाद पहले तो बरसात नहीं हुई फिर सरकार ने पूरी बिजली नहीं दी और अब सरकार की मंशा खरीद की नहीं नजर आ रही है। यहां उपस्थित रामनिवास गोदारा, हनुमान गोदारा, मुन्नीराम सहारन, मुखराम स्वामी, रामरख बाना, राजू भूकर, राजकुमार डेलू, महेंद्र बाना, मोहनलाल सहू, भवानी शंकर, भंवरलाल भूकर, सीताराम गोदारा, रामकिशन माहिया, जगदीश गोदारा ने सरकार के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए विरोध जताया। किसानों ने नेताओं व प्रशासन पर भी आरोप लगाते हुए किसानों की समस्याओं के प्रति बेपरवाह होने के आरोप लगाए। बता देवें क्रय विक्रय सहकारी समिति द्वारा बारदाना नहीं होने की बात किसानों से कही जा रही है। समिति सदस्यों का कहना है कि विभाग की ओर से बारदाना छोटा आया है जिसमें 33 किलो मूंगफली आ रही है। 35 किलो वजन के बगैर राजफैड समिति से मूंगफली नहीं लेता है। बता देवें विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि वे श्रीडूंगरगढ़ व बीकानेर मंडी में बारदाना की उपलब्धता को लेकर राजफैड के एमडी शक्तिसिंह व नैफेड के अधिकारियों से वार्ता की है।
15 अंतिम तिथि, किसान परेशान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद की तिथि 15 फरवरी है और खरीद नहीं होने से किसान परेशान है। किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि 5 फरवरी चली गई और शीघ्र खरीद नहीं हुई तो किसानों को नुकसान उठाना होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार किसानों की मूंगफली मापदंड पर सही है परंतु तौल सही नहीं आ रहा है। ऐसे में सरकार बड़ा बारदाना दे तभी खरीद संभव हो सकेगी। वहीं बारदाने की समस्या का खामियाजा भुगतने पर किसान नाराज है। इस लिंक पर क्लिक कर देखें वीडियो- https://fb.watch/q0GkN7uReb/








