






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जून 2024। दहेज की मांग करते हुए पहले दिन महिला को पीटा, दूसरे दिन जबरन जहर पिलाया, सोमवार को पीड़िता ने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता ने थाने पहुंच कर पति व सास ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है। गांव हेमेरां निवासी प्रह्लादराम पुत्र नारायणराम जाट ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी संतोष का विवाह करीब 15 साल पहले कितासर निवासी परमेश्वरलाल पुत्र आदुराम जाट के साथ हुआ। संतोष का पति शराब पीकर नशे में उसके साथ मारपीट करता और उसकी मां भंवरदेवी व बाप आदुराम उसे गंदी गालियां देते और मारपीट करते थे। आरोपी उसे दहेज के लिए तंग परेशान करते हुए नगदी की मांग कर रहें थे। 20 जून को दोपहर 3 बजे संतोष के साथ उसके पति ने जोरदार मारपीट कर उसे घायल कर दिया। संतोष ने पिता को फोन किया व सारी बातें बताते हुए आरोपियों द्वारा उसे जान से मार देने की बात कही। बेटी ने पिता से सुसराल आकर उसे ले जाने की गुहार भी लगाई। परिवादी ने बताया कि 21 जून को आरोपियों ने संतोष को जबरन जहर दे दिया जिससे वह बेहोश हो गई। उसके जेठ ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। उसका पति परेमश्वर अस्पताल में भी नशे में आया और तीन दिन ईलाज के बाद पीड़िता ने सोमवार को दम तोड़ दिया। परिवादी ने हत्या के आरोपी को पकड़ने के बाद ही शव देने की मांग पुलिस से की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और मामले की जांच थानाधिकारी ने शुरू कर दी है।



