May 20, 2026
WhatsApp Image 2023-05-28 at 6.29.59 PM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 मई 2023। क्षेत्र के गांव इंदपालसर सांखलान में अपने खेत पर निवास करने वाले एक परिवार अपनी बेटी को प्रसव के लिए उसके ससुराल से पीहर बुलाया एवं प्रसव के बाद दामाद को छुछक लेने के लिए भी आमंत्रित किया। लेकिन यहां आने के बाद दो दामादों के साथ मारपीट की गई। ये आरोप लगाते हुए गांव चाड़वास निवासी ओमप्रकाश गोदारा ने अपने ससुर उमानाराम, सास भगवानीदेवी सहित ससुराल पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। ओमप्रकाश ने जरीए इस्तगासे पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी के प्रसव होने पर उसकी पत्नी एवं छोटे भाई की पत्नी दोनो को आरोपी इंदपालसर सांखलान ले आए थे। प्रसव बाद गत 7 मई को उसे एवं उसके छोटे भाई राकेश को आरोपियों ने छुछक लेने एवं अपनी पत्नियों को ले जाने के लिए बुलाया था। वह इंदपालसर सांखलान पहुंचा तो वहां आरोपियों ने उसकी पत्नी को बंधक बनाते हुए साथ भेजने से मना कर दिया। वह जाने लगे तो ओमप्रकाश की पत्नी ने उसके साथ ही जाने की बात कही एवं अपने माता-पिता सहित आरोपियों से अपना स्त्रीधन व बच्चे साथ भेजने की बात कही। इस पर आरोपियों ने अपने दोनो दामादों के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच एसआई बलवीरसिंह को सुपुर्द की गई है।