






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 दिसंबर 2023। एक महिला व उसके जेठूते का शव डिग्गी में मिलने की घटना सितबंर माह के अंत में सामने आई थी और इसी मामले में मृतका के पति ने शुक्रवार को एक जने पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी गणपतराम पुत्र खेताराम मेघवाल निवासी सेरूणा ने भानीराम पुत्र रामेश्वरलाल मेघवाल निवासी बाना के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि वह सीकर में संगीत कार्यक्रम कर मजदूरी करता है और गांव में उसकी पत्नी नानूदेवी माता पिता से अलग रहती थी। आरोपी कई बार उससे मिलने आता था और मेरे टोकने पर भी वह नहीं माना। उसने मेरी पत्नी को बहकावे में लेकर उसके फोटो वीडियो ले लिए व उसी के सहारे ब्लैकमेल कर पत्नी से मकान निर्माण के लिए रखे गए 3 लाख 50 हजार रूपए लेकर हड़प लिए। आरोपी व मेरा भतीजा दुराचारी थे और भतीजे हड़मान व पत्नी के डिग्गी में डूब कर मौत होने की रात को 11.30 बजे आरोपी ने मेरे पिता को फोन कर ये सूचना दी कि दोनों मरने जा रहें है। आरोपी ने मेरी पत्नी के फोटो वीडियो लिए व उसे ब्लैकमेल कर उसे और भतीजे हड़मान को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी इंद्रलाल को दे दी है।
ये था मामला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव सेरूणा में 29 सितंबर की सुबह एक जेठूते व उसकी चाची का शव सेरूणा गांव के पास ही बने एक खेत की डिग्गी में मिले थे। परिवादी का भतीजा 26 वर्षीय हड़मान पुत्र रामचंद्र मेघवाल तथा 30 वर्षीय उसकी पत्नी नानूदेवी पत्नी गणपत मेघवाल की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई थी और इसी मामले में मृतका के पति गणपतराम ने ये आरोप लगाते हुए सेरूणा थाने में मामला दर्ज करवाया है।



