






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जुलाई 2024। दो दिन पहले ही बजट में घोषित किए गए श्रीडूंगरगढ़-बीदासर रोड़ पर रेलवे ओवरब्रिज के लिए शनिवार को वित्तिय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां जयपुर से जारी हो गई है। विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि क्षेत्र की जनता को हर दिन रेलवे फाटक के कारण झेलने वाली समस्याओं को देखते हुए जल्द से जल्द ओवरब्रिज के निर्माण के लिए प्रयासरत रहा गया और बजट घोषणा को त्वरित प्रभाव से लागू करवाने के लिए सक्रियता रखी गई। इस पर शनिवार को दोनो स्वीकृतियां जारी हो गई है एवं अब जल्द से जल्द रेलवे ओवरब्रिज बन सकेगा। विदित रहे कि क्षेत्र की इस प्रमुख सड़क पर इस रेलवे फाटक के कारण आधी से अधिक तहसील के लोग जैसे तहसील मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय से कटे हुए थे एवं दिन भर में 20 से अधिक बार फाटक बदं होने से कई बार यहां लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में भी फंसना पड़ा है। क्षेत्र की लंबे समय से यह मांग उठ रही थी एवं इस संबध में कई बार पूर्व में आंदोलन भी हुए थे। दोनो स्वीकृतियां जारी होने के बाद अब ओवरब्रिज की घोषणा मूर्त रूप लेने को तैयार हो गई है। विधायक ने बताया कि बजट में क्षेत्र के लिए की गई अन्य घोषणाओं को भी जल्द से जल्द लागू करवाया जाएगा एवं बजट लाया जाएगा।




