






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जून 2025। तेज गर्मी में बच्चों सहित ढाणी के बाहर सो राह किसान परिवार बाल बाल बचा और ढाणी में लगी आग से उसकी गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाख हो गया। गांव पीपासरिया की उत्तरादी रोही में मोहनलाल गोदारा के खेत में काश्तकार किसान बाबूलाल नाई का परिवार सहित खेत में ही रहवास था। बीती रात करीब 11 बजे चूल्हे की चिंगारी से उसकी घास फुस की ढाणी में हवा के कारण आग लग गई। चंद ही पलों मे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बाबूलाल ने बताया कि पत्नी के सोने चांदी के गहने, 42500 रूपए नगदी, गेहूं, मूंगफली का बचा हुआ बीज सहित सभी सामान जलकर खाख हो गया है। गनीमत रही परिवार गर्मी के कारण ढाणी के बाहर खुले में सो रहा था। वहीं पशु भी ढाणी से दूर थे। आस पास के पड़ौसी किसान दौड़ कर मौके पर पहुंचे और ट्यूबवेल चलाकर पानी से आग बुझाई गई। परंतु तब तक पूरी ढाणी राख में बदल गई। परिवार आगजनी से मायूस हो गया व पड़ौसी किसानों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद करने की मांग करते हुए सरपंच व पटवारी को सूचना दी।





