May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 सितंबर 2021। क्षेत्र के गांव धीरदेसर पुरोहितान में पुरोहितों के मोहल्ले में शनिवार शाम करीब 7.30 बजे कोहराम सा मच गया। मोहल्ले के सभी घरों में 11 हजार का करंट दौड़ गया जिससे एक घर में आग लग गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई तथा कई घरों में लाखों का सामान जल कर राख हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में विभाग ने गांव वालों के ऐतराज के बावजूद एक निजी कम्पनी को ग्यारह हजार की लाइन देते हुए गांव की एल.टी. लाइन के ऊपर से लाइन दे दी और यही लाइन रात को टूट कर गांव की एल.टी. लाइन पर गिर गई जिसे ग्रामीणों ने तुरतं बंद करवाई। अभी तक यहां लाइन बंद है और पूर्व सरपंच प्रतिनिधि राजेन्द्र सोनी ने सख्त नाराजगी दर्ज करवाते हुए कहा कि जब तक 11 हजार की लाइन को गांव के बाहर से नहीं करेंगे हम लाइन चालू नहीं करने देंगे। सोनी ने विधायक गिरधारीलाल महिया व विभाग को भी सूचित कर तुरन्त कार्रवाई करने की मांग की है। सरपंच ओमप्रकाश सारस्वत ने कहा कि विभाग से यह लाइन गांव के बाहर करने की मांग ग्रामीण पूर्व से ही कर रहें है। सारस्वत ने बताया कि विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाया है और जीएसएस कर्मचारी ने मौका देखा है। ग्रामीणों में विभाग की लापरवाही को लेकर रोष व्यापत है।

गरीब का जल गया आशियाना, महिला हुई घायल, जल गए उपकरण।
श्रीडूंगरगढ टाइम्स। गांव में कानाराम नाई का परिवार बमुश्किल छपरा बना कर अपने जीवनयापन के थोड़े बहुत साधन जुटा पाया था। गुजारा चला रहें इस परिवार पर ये तार आर्थिक बोझ तले दबा गया। कल रात विभाग की लापरवाही से इनका छपरा भी सामान सहित जलकर राख हो गया। पूर्व सरपंच प्रतिनिधि राजेन्द्र सोनी ने मुआवजा देने की मांग की है तथा सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने उपखंड अधिकारी को पत्र लिखकर विभाग की लापरवाही के कारण गरीब परिवार को हुए नुकसान होने पर मुआवजा देने की मांग की है। हालांकि अभी तक मौके पर कोई प्रशासनिक कर्मचारी नहीं पहुंचा है। यहीं एक पुरोहित परिवार में एक 60 वर्षीय महिला करंट के कारण घायल हो गई है। परिजनों ने बताया कि करंट का झटका लगने से वे गिर कर बेहोश हो गई व परिजन उन्हें श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय लेकर आए जहां डॉ.एस.के.बिहाणी ने उनका ईलाज किया। डॉ.बिहाणी ने बताया कि गिरने के कारण उनके सिर में चोट आई जिससे तीन टांके लगाएं गए है तथा हाथ की कलाई में फ्रेक्चर हो गया था। कल्याणसिंह के घर में ए.सी. सहित कई बिजली उपकरण भी जल कर नष्ट हो गए। कई घरों में बिजली उपकरणों के जल जाने से ग्रामीणों को खासा नुकसान हुआ है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। घरों में जले ए. सी. इत्यादि बिजली उपकरण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गरीब कानाराम नाई का परिवार पुनः अपना छपरा बनाने में जुट गए है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुरोहितों के मोहल्ले में 11 हजार की लाइन टूटने कर घरों में खासा नुकसान हुआ है।