






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 सितंबर 2025। सिद्ध रूस्तम जी की तपोभूमि पर देव जसनाथजी महाराज के अंर्तध्यान दिवस पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने उमड़ आए है। सुबह से मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा हुआ है। बीती रात यहां जागरण का आयोजन हुआ जिसमें परंपरागत सबद गायन के साथ अग्नि नृत्य की प्रस्तुति हुई। हजारों श्रद्धालुओं ने जागरण में भाग लिया। गांव अमृतवासी व आलसर बास राजलदेसर के बीच स्थित रूस्तम धोरा प्रागंण में संपन्न हुए कार्यक्रम में विधायक ताराचंद सारस्वत, रतनगढ़ विधायक पुसाराम गोदारा, पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महंत भंवरनाथजी के सान्निध्य में आयोजित समारोह में विधायक ताराचंद ने बिग्गाबास रामसरा से रूस्तम धोरा सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया व इसके शीघ्र निर्माण पूरा होने की बात कही। वहीं रतनगढ़ विधायक पुसाराम गोदारा ने रूस्तम धोरा पर 24 घण्टे बिजली आपूर्ति की व्यवस्था करवाने की घोषणा की वहीं गोदारा ने चूरू सांसद राहुल कस्वां की ओर से टिन शेड के लिए 11 लाख का कार्य करवाने की घोषणा की। जागरण के साथ महाप्रसादी का आयोजन संपन्न हुआ जिसमें लिखमादेसर निवासी जगन्नाथ सिद्ध व प्रभुनाथ सिद्ध का सहयोग रहा। महेंद्र बिडासरा ने बताया कि रूस्तम धोरा ट्रस्ट के अध्यक्ष पोकरनाथ सिद्ध बीदासर, उपाध्यक्ष मोहननाथ आलसर बास, कोषाध्यक्ष काननाथ मूंड जोगलिया, मंत्री जिज्ञासु सिद्ध बेनीसर सहित कार्यकारिणी के सदस्य सक्रिय रहें। अध्यक्ष पोकरनाथ ने सभी का आभार जताया।







