






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जनवरी 2024। शेरूणा गांव की उत्तरादी रोही में स्थित बारानी खेत में मूलाराम नायक की ढाणी में देर रात आग लग गई। ढाणी में बिजली नहीं है और आग लगने के कारणों की जानकारी अभी नहीं हो पाई है। मूलाराम अपने एक दिव्यांग पुत्र सहित पूरे परिवार के साथ इसी ढाणी में रहता था। आग लगने से उसका आशियाना बुरी तरह से उजड़ गया है। आग के विकराल रूप धारण करने के साथ ही परिवार ने ढाणी से बाहर आकर अपने प्राण बचाए। आग की चपेट में आने से दो बकरियां जिंदा जल गई। मूलाराम की गृहस्थी का सारा सामान, खाने के लिए रखा अनाज, खल, पहनने के कपड़े, ओढ़ने बिछाने के बिस्तर, चारपाई, सौर ऊर्जा चलित लाइट, बर्तन सभी कुछ जलकर खाख हो गए। आग इतनी भीषण थी की संदूक में रखी नगदी भी जलकर खाख हो गई है। मूलाराम परिवार सहित खुले आसमान के नीचे आ गया व सर्दी में रात गुजारी है। परेशान परिवार के आंसू नहीं रूक रहें है और सरपंच प्रतिनिधि रणवीर सिंह मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना देते हुए किसान की मदद करने की मांग भी की है। पटवारी मुकेश लांबा भी मौके पर पहुंच गए है व नुकसान का जायजा ले रहें है।









