






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 नवंबर 2020। श्रीडूंगरगढ़ में पटाखा व्यापारियों ने आज एक जुट होकर आतिशबाजी पर प्रतिबंध के सरकारी आदेश का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। उपखंड कार्यालय के मार्फत ज्ञापन भेजते हुए पटाखा व्यापार संघ के अध्यक्ष मांगीलाल राठी ने बताया कि सरकार ने पटाखों पर रोक लगा कर दीपावली की रौनक ही छीन ली है। राठी सहित व्यापारी जगदीश तावणियां, रविशंकर नाई, सूर्यप्रकाश तापड़िया, अनुराग दर्जी, दीलिप झंवर ने ज्ञापन में कहा कि पूरे राजस्थान सहित श्रीडूंगरगढ़ में संघ द्वारा ग्रीन पटाकों की आपूर्ति की जा रही है जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं है व पर्यावरण को दूषित नहीं करते है। व्यापारियों ने बताया कि ग्रीन पटाखे इकोफ्रेण्डली है और किसी तरह से कोरोना को बढाने का कार्य नहीं करेगें। संघ ने कहा कि दिवाली पर पटाखे अपने घरों में जलाए जाते है जिससे सोशल डिस्टेसिंग की पालना होगी। संघ ने दावा किया की दिल्ली जैसे प्रदूषित शहर में पटाखों का क्रय विक्रय हो रहा है तो राजस्थान में क्यों बंद किया गया है। व्यापारियों ने कहा कि कोरोना के आर्थिक संकट को देखते हुए पटाखो पर प्रतिबंध लगाना सर्वथा अनुचित है।




