






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 फरवरी 2025। क्षेत्र के किसानों के लिए समर्थन मूल्य पर खरीद को लेकर राहत की खबर सहकारी समिति से आई है। विदित रहें क्षेत्र में समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए 12000 किसानों ने टोकन लिया है जिनमें से शनिवार तक श्रीडूंगरगढ़ खरीद केंद्र पर 7000 किसानों की मूंगफली तुलवाई की गई है। वहीं 5000 किसानों की खरीद अभी शेष है। खरीद अवधी 28 फरवरी तक कर दी गई है परंतु शेष 10 दिनों में 5000 किसानों की मूंगफली खरीद किया जाना संभवन नहीं है। यहां दोनों खरीद केंद्रो पर वाहनों की कतारें लगी है व किसान पहले से ही एक एक हफ्ते से खरीद के लिए इंतजार कर रहें है। गत पूरे सप्ताह समिति द्वारा 320 किसानों को प्रतिदिन के हिसाब से टोकन जारी करवाए गए थे उसके बावजूद तीन तीन किलोमीटर लंबी लाइनें लगी है जिससे यातायात अव्यवस्था के साथ ही आए दिन विवाद भी सामने आ रहें है। ऐसे में समिति द्वारा राजफैड को पत्र लिखा गया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी यशवंतसिंह ने बताया कि राजफैड को पत्र लिखकर समर्थन मूल्य पर खरीद की अवधी बढ़ाने व जारी शेष किसानों के टोकन अन्यत्र मैपिंग के लिए अनुमति देने की मांग की गई है। समिति द्वारा शेष टोकन को नजदीकी खरीद केंद्रो पर मैपिंग करवाए जाने की अनुमति जारी करने की मांग की गई है।
लूणकरणसर व नापासर दोनों खरीद हुए रिक्त, मिल सकती है अनुमति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निकटवर्ती खरीद केंद्र लूणकरणसर व नापासर पर जारी टोकन की खरीद पूरी हो चुकी है ऐसे में दोनों केंद्र अब खरीद रिक्त हो गए है। ऐसे में राजफैड द्वारा श्रीडूंगरगढ़ के किसानों के लिए इन दोनों केंद्रों पर खरीद की अनुमति देकर राहत दिए जाने की पूरी संभावना है। जिससे समय पर सभी किसानों की मूंगफली समयबद्ध खरीद हो सकेगी। समिति की मांग पर इसे प्राथमिकता दी जाएगी। इस संबंध में कांग्रेस पीसीसी सदस्य हरिराम बाना ने भी राजफैड सहित जिलाधिकारियों को पत्र देकर अन्यत्र खरीद की अनुमति देने की मांग की थी।



