






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 मई 2026। दुनिया भर में 12 मई को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जा रहा है। श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल के समस्त स्टाफ ने नर्सिंग सेवाओं पर गर्व जताते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मरीजों की सेवा में नर्स के दिए जाने वाले योगदान के बारे में चर्चा की गई। अस्पताल प्रभारी डॉ ओमप्रकाश स्वामी ने स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए मरीज के लिए नर्सिंग स्टाफ के महत्व पर विचार रखें। उन्होंने नर्सिंग कर्मियों को सदैव निष्ठापूर्वक सेवाएं देने की प्रेरणा दी। वरिष्ठ नर्सिंगकर्मी रमाकांत शर्मा ने बताया कि आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिन पर अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग डे मनाया जाता है। शर्मा ने नाइटिंगेल की जीवनी व उनकी नर्सिंग सेवाओं के बारे में जानकारी देते हुए सेवा को परमधर्म और मानवता का आधार बताया। इस मौके पर भारती ने जीवन बचाने में सहयोगी सेवाओं के बारे में विचार व्यक्त किए। नर्सिंग संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष नवीन महला सहित पूरा नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा और सभी ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित की। सभी ने नर्सिंग सेवाकार्य को सदैव प्रमुखता से करने की शपथ ली। गांव रीड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी अंतराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया गया।





