






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 मई 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जमीन के विवाद लगातार बढ़ रहें है और क्षेत्र की शांति भंग करने के साथ ही अनेक परिवारों सहित पुलिस की नींद हराम कर रहें है। हैड कांस्टेबल हवासिंह ने बताया कि गांव उदरासर के 49वर्षीय परमाराम पुत्र रिराणाराम जाट थाने पहुंच कर रतनलाल पुत्र जोराराम जाट अपने बेटे रणजीत व महावीर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परमाराम ने पुलिस को बताया कि मेरी पत्नी बेगादेवी के नाम खातेदारी खेत खसरा नंबर 1234/839 रकबा 1.6200 हैक्टेयर व खसरा नंबर 1233/839 रकबा 5.3100 हैक्टेयर रोही उदरासर में सुरजनसर सड़क मार्ग पर है। खेत के चारों तरफ पट्टियां रोपकर चार कांटेदार तार व दो सादे तार लगाकर तारबंदी की हुई थी व लोहे का गेट लगाया हुआ था। 7 मई को सुबह 9 बजे मैं खेत गया तो मैंने देखा आरोपी का ट्रेक्टर गेट पर खड़ा था और आरोपी खेत में थे। खेत पर लगा लोहे का गेट, पट्टियां, तार वहां नहीं थे और 10 सात फुटी पट्टियां खेत में पड़ी थी और सड़क की ओर रोप पट्टियों पर रतनलाल नाम लिखा हुआ था। गांव के मौजिज ग्रामीणों ने आरोपी से समझाईश का प्रयास किया तो आरोपी ने खेत पर कब्जा करने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



