






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 मई 2026। दिन दोपहर 12 बजे ठेके पर बीयर मांगने और दुकानदार के रूपए मांगने पर उसके साथ मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ देने के आरोप में चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
थानाधिकारी कश्यमसिंह राघव ने बताया कि ओमपुरा, बीदासर निवासी सवाईसिंह पुत्र धन्नेसिंह राजपूत ने जाखासर निवासी सवाईसिंह, सीताराम, सहीराम व सहीराम जाट के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 वह जाखासर स्थित अपनी शराब की दुकान में बैठा था। तभी सहीराम वहां आया और चार बोतल बीयर मांगने लगा। परिवादी ने उधार शराब देने से मना कर दिया तो आरोपी ने उसे देख लेने की धमकी दी। कुछ ही देर में सभी आरोपी हाथों में लाठी व डंडे लेकर आए और जबरन ठेके में घुसकर फ्रीज खोलकर जबरदस्ती बीयर की बोतले निकालने लगे। आरोपियों ने अपने गांव में ठेका चलाने पर मुफ्त में बीयर देने की धमकी दी। उसके विरोध करने पर गाली गलौच करते हुए मारपीट की, उसके कपड़े फाड़ दिए व सिर व ललाट पर चोटें मारी। तभी ऊंटालड़ निवासी एक ग्रामीण वहां आकर उसे बचाया। आरोपी बीयर की बोतल और सोने का मादलिया छीन कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल संदीप कुमार को दी है।



