May 20, 2026
0000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 फरवरी 2023,  बढ़ते तापमान के साथ ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। कुछ ही दिनों में गर्मी का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में बदलते मौसम के साथ ही हमारे खानपान और रहन-सहन में भी बदलाव होने लगेगा। साथ ही मार्केट में सीजनल फलों की भी भरमार देखने को मिलेगी। अंगूर इन्हीं फलों में से एक है। विटामिन सी से भरपूर अंगूर हमारी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। बाजार में दो तरह के काले और हरे अंगूर देखने को मिलते हैं। ज्यादातर लोग इनमें से हरे अंगूर को खाना पसंद करते हैं। कई गुणों से भरपूर हरे अंगूर तो हमारी सेहत के लिए गुणकारी है ही, लेकिन काले अंगूर खाने से भी हमारी सेहत को काफी फायदा मिलता है। अगर आप काले अंगूर से होने वाले फायदों से अनजान हैं, तो आज हम आपको बताएंगे इसके अनगिनत फायदों के बारे में-

इम्युनिटी करें बूस्ट

विटामिन सी समेत कई पोषक तत्वों से भरपूर काले अंगूर के सेवन से हमारी इम्युनिटी मजबूत होती है। नियमित रूप से काले अंगूर खाने से हमारी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, जिससे हम कई तरह बीमारियों और संक्रमण से दूर रहते हैं।

डायबिटीज में असरदार

अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं, तो काले अंगूर का सेवन आपके लिए फायदेमंद साबित होगा। दरअसल, काले अंगूरों में एंटी-डायबिटिक तत्व होते हैं, ब्लड शुगर लेवल को कम करने में मदद सहायक होते हैं। साथ ही इसमें एंटी-हाइपरग्लाइसेमिक गुणों से भरपूर रेसवेरेट्रॉल नामक केमिकल शरीर में इंसुलिन लेवल को बढ़ने से रोकता है। ऐसे में आप डॉक्टर की सलाह पर इसका सेवन कर सकते हैं।

दिल का रखे ख्याल

दिल की सेहत के लिए भी काले अंगूर काफी लाभकारी होते हैं। काले अंगूर में मौजूद पोटैशियम और साइटोकेमिकल्स जैसे तत्व दिल की स्वस्थ बनाए रखने में मददगार होते हैं। इसके अलावा इसमें पाया जाने वाला पॉलीफेनोल्स ब्लड प्रेशर कम करने में मदद करते हैं। साथ ही काले अंगूर को खाने से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल भी कम होता है और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी कम होता है।

हड्डियां बनाए मजबूत

काले अंगूर हड्डियों को मजबूत करने में भी काफी सहायक होते हैं। इसमें मौजूद रेसवेरेट्रॉल नामक केमिकल हड्डियों के लिए गुणकारी होता है, जो बोन डेंसिटी बढ़ाने सहायक होता है। साथ ही काले अंगूर में हड्डियों को मजबूत बनाने वाला कैल्शियम भी होता है। ऐसे में नियमित रूप से काले अंगूर खाने से हड्डियों के दर्द से भी राहत मिलती है।

आंखों के लिए फायदेमंद

अगर आप अपनी आंखों की रोशनी बढ़ाना चाहते हैं, तो इसके लिए भी काले अंगूर का सेवन कर सकते हैं। दरअसल, काले अंगूर में पाए जाने वाले तत्व आंखों की रोशनी बढ़ाने मददगार होते हैं। एक रिसर्च में सामने आया है कि काले अंगूर में मौजूद रेसवेरेट्रॉल तत्व एंटी-ऑक्सीडेटिव, एंटी-एपोप्टोटिक और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण से भरपूर होते हैं। ऐसे में इसके सेवन से उम्र से जुड़ी आंखों की दिक्कतें, ग्लूकोमा और मोतियाबिंद जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है।