






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अप्रैल 2024। सोमवार को आई अमावस्या पर सोमवती अमावस्या क्षेत्र में सेवा के पर्व की तरह मनाई गई। क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में सत्संग किर्तन हुए एवं गौसेवियों की टोलियों द्वारा मोहल्ले से लेकर गांव तक, गौशालाओं से लेकर मैदानों तक गौसेवा की गई। पढ़ें सामूहिक खबर, देखें विभिन्न फोटो।
कोटासर गौशाला में गौसेवकों ने की 10 सवामणी, चारा व आर्थिक सहयोग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोमवती अमावस्या पर कोटासर की श्री करणी गौशाला में गौसेवकों द्वारा उत्साह से गौसेवा की गई। यहां पर नोखा के रोड़ा निवासी शिवनारायण, मूलचंद, अशोक कुमार, भंवरलाल कठातला ने अपनी मां केसर देवी की स्मृति में गौसेवार्थ 51 हजार रुपए का सहयोग किया। गौशाला में 10 सवामणी की गई जिसमें गंगाशहर के ओमप्रकाश जोशी, दिनेश कुमार लुणावत, भाप के रामेश्वर लाल भूतड़ा, दुलचासर के श्यामसुंदर सुथार, प्रहलाद सुथार, महावीर प्रसाद ओझा, गोपाल महीया, भागीरथ ओझा, सुलोचना सोनी, पीपासरिया दुसारणा के पेमाराम गोदारा, भीखाराम गोदारा आदी सहयोगी रहे। इसी प्रकार बालोतरा के रामेश्वरलाल भूतड़ा ने 20 मण चारा, गंगाशहर के राजेन्द्र कुमार जोशी, सांवतसर के रिछपाल धारणियां ने 1-1 बोरी खल प्रदान की व श्रीडूंगरगढ़ के शिवरतन सोमानी, दुलचासर के गणेश मल सुथार, करणीदान सुथार, राजकुमार जोशी, मालाराम जोशी, बद्री प्रसाद सुथार, रामेश्वर लाल सुथार, सीताराम गोदारा आदि ने गुड़ सेवा की। इस मौके पर गौशाला परिसर में पंडित सुनील कुमार, विजय कुमार जाजड़ा दुलचासर ने मंत्रोचार के साथ हवन करवाया। गौशाला के हरि सिंह, माल सिंह, मूल सिंह, श्रीराम सोनी, मनीराम विश्नोई, मालाराम जोशी आदि ग्रामीणों ने दानदाताओं का आभार जताते हुए श्रम सहयोग किया।


कालूबास में मोहल्लेवासियों ने की गौसेवा, बनाई 251 किलो लापसी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोमवती अमावस्या के मौके पर कस्बे के कालूबास में मोहल्लेवासियों द्वारा आपसी सहयोग से गलियों में घूमने वाले बेसहारा गौवंश की सेवार्थ 251 किलो की लापसी बनाई गई। इस लापसी बनाने में शिव कुमार प्रजापत, किशन मोरवाल, ओमप्रकाश सेवग, रामूराम प्रजापत, कैलाश शर्मा, बनवारीलाल सोनी, संगीता सोनी, संतोष प्रजापत, पार्षद लोकेश गोड़, नारायण पारीक आदि सहयोगी रहे एवं लापसी बनाने के बाद वितरण में सक्रिय रहे।

श्रीगोपाल गौशाला आडसर बास में हुआ सत्संग, गौसेवक आए आगे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोमवती अमावस्या के मौके पर क्षेत्र की सबसे बड़ी गौशाला गोपाल गौशाला प्रांगण में सत्संग आयोजित किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में मोहल्ले की महिलाएं शामिल हुई। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी गौशाला पहुंचे एवं अपने हाथों से गौमाता को गुड़ खिलाया व गौशाला में दान किया।



