May 20, 2026
05d349f1-27c6-4087-ba0c-fe6a18a1be48

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 फरवरी 2021। राज्य की विधानसभा में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान लूणकरणसर विधायक सुमित गोदारा ने जिले के कोलायत एवं लूणकरणसर में लग रहे सोलर प्लांटों में स्थानीय लोगों को ही रोजगार देने की मांग को लेकर अपने सवाल रखे। गोदारा ने जिले में बाहरी श्रमिकों को नियोजित करने वाली कम्पनियों के खिलाफ कार्यवाही करने की सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। गोदारा ने जिले के सोलर प्लांटों में स्थानीय बेरोजगारों, भूमि अधिग्रहित होने वाले किसानों को प्राथमिकता नहीं देने एवं 90 प्रतिशत से अधिक बाहरी श्रमिकों की नियुक्ति होन की जानकारी देते हुए कमेटी गठीत करने की मांग की। इसके जवाब में उद्योग मंत्री परसादी लाल मीणा ने इन प्लांटों में 75 प्रतिशत कर्मचारी स्थानीय ही रखने के नियम की पालना करवाने की बात कही। हालांकि मीणा ने स्थानीय स्तर को रोजगार देने के लिए सरकार द्वारा 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने वाली कम्पनियों को 75 प्रतिशत ईपीएफ व ईएसआई का 75 प्रतिशत पुनर्भरण करने के नियम का भी हवाला दिया। इसी दौरान सभापति ने सवाल उठाते हुए पुछा कि ऐसी कम्पनियों का क्या होगा जो स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं देती एवं इस कारण पुनर्भरण भी नहीं लेती। इस पर मंत्री ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। लूणकरणसर विधायक ने सदन में ही सौर प्लांटों की कम्पनियों पर प्रशासन के साथ सांठगांठ कर स्थानीय लोगों को रोजगार से वंचित करने की शिकायत की एवं शीघ्रातिशीघ्र कार्रवाई की मांग की।