May 21, 2026
010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जुलाई 2023। स्कूल जा रही एक युवती को जबरन रोका, उसके स्कूल पहुंच कर हंगामा मचाया, युवती का दुपट्टा उतार कर फेंका व बेईज्जती की, हाथ में चाकू निकाल कर विवाह नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी, युवती ने थाने पहुंच कर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। धोलिया में राजकीय स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत पूजा पुत्री रामनारायण गुर्जर निवासी कांमा भरतपुर, हाल निवासी मोमासर बास ने अपने गांव पास के वेदप्रकाश पुत्र गोविंद गुर्जर निवासी धमारी,डींग, भरतपुर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। युवती ने पुलिस को बताया कि 12 जुलाई को सुबह स्कूल जाते हुए घूमचक्कर पर एसबीआई बैंक के पास पहुंची तो आरोपी ने जबरदस्ती रास्ता रोकने का प्रयास किया और बात करने के लिए धमकाया। तभी मेरे स्टाफ की गाड़ी आने पर स्कूल चली गई और सुबह करीब साढें आठ बजे वेदप्रकाश गुर्जर स्कूल में आ गया और जबरदस्ती पास आकर मेरी बेईज्जती करने के आशय से मेरा हाथ पकड़ लिया व चुन्नी उतार कर फेंक दी। हल्ला करने पर स्टाफ आ गया व उसे समझाया तो वह आग बबूला हो गया और चाकू निकाल कर जबरदस्ती विवाह करने की धमकी देते हुए विवाह नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। तभी पुलिस मौके पर आ गई व वेदप्रकाश को पकड़ कर थाने ले आई। युवती ने बताया कि आरोपी मेरे नंबर पर अश्लील मैसेज कर मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। युवती ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई रवीन्द्रसिंह के सुपुर्द कर दी।