May 21, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 नवंबर 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समिति द्वारा सोमवार से मूंग व मूंगफली की समर्थन मूल्य पर खरीद प्रारंभ कर दी गई है। कृषि मंडी परिसर में स्थित समिति के दो केंद्रों पर आज खरीद प्रारंभ करवाने के लिए उपखंड अधिकारी उमा मित्तल पहुंची। पहली बोरी तुलवाते हुए मित्तल ने किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने व पारदर्शी ढंग से खरीद करने के निर्देश दिए। समिति अध्यक्ष तुलसीराम गोदारा ने बताया कि मूंग का समर्थन मूल्य 8682 रूपए प्रति क्विंटल है व मूंगफली का समर्थन मूल्य 6783 प्रति क्विंटल रूपए है। समर्थन मूल्यों पर मूंग 25 क्विंटल व मूंगफली 40 क्विंटल प्रति किसान से खरीद की जा रही है। बता देवें श्रीडूंगरगढ़ अंचल के 8835 किसानों ने मूंगफली खरीद के लिए पंजीकरण करवा लिया है। मंडी सचिव सुरेंद्र बांगड़वा ने किसानों से अपना माल साफ सुथरा व सुखाकर लाने की बात कही। उन्होंने बताया कि सरकारी खरीद के लिए इस बार नया स्थान आवंटित किया गया है जो मंडी परिसर के अंतिम छोर पर स्थित है। खरीद प्रारंभ करवाने के लिए एसडीएम, अध्यक्ष व सचिव सहित अशोक कुमार पोटलिया, नंदकिशोर शर्मा, रमेश कुमार मीणा सहित अनेक कार्मिक व किसान मौजूद रहें।