






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जनवरी 2025। आज की युवा शक्ति दिग्भ्रमित हुए बिना अपना लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें। स्वामी विवेकानंद ने कहा कि लक्ष्य उच्चतम रखें और उसे पाने के लिए कठोर परिश्रम करें। जीवन में संतोषप्रद काम करेंगे तभी चैन की नींद आएगी। बालिकाएं शिक्षा पर पूरा ध्यान देवें और सशक्त जरूर बने। युवा अपनी ऊर्जा का सकारात्मक प्रयोग रचनात्मक सर्जन के लिए करें। ये प्रेरणा उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने सरदारशहर रोड पर स्थित जयपुर पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित महापुरुष सम्मान समारोह समिति के युवा सम्मान समारोह के आयोजन में दी। मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए मित्तल ने युवाओं को अपने जीवन में मिसाल बनने की प्रेरणा दी। युवा दिवस के उपलक्ष में आयोजित समारोह में विशिष्ट अतिथि डॉक्टर राजीव सोनी ने युवा दिवस की बधाई देते हुए युवाओं को लक्ष्य से भटके बिना मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने समिति के आयोजन की सराहना करते हुए युवाओं के लिए इसे प्रेरणीय बताया। मुख्य वक्ता श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की संपादक कपिला स्वामी ने युवाओं को जीवन में परिश्रम के बल पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाजसेवी गोपाल राठी ने सभी का स्वागत किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का प्रारंभ स्वामी विवेकानंदजी के पुष्प अर्पण व दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। सभी अतिथियों का पुष्प माला, शॉल व उपहार देकर स्वागत सम्मान किया गया। समिति मंत्री सुशील सेरडिया ने समिति कार्यों का परिचय दिया। सदस्य विजयराज सेवग व निर्मल पुगलिया ने सभी का आभार जताया। स्कूल के निदेशक कुम्भाराम घिंटाला व एमडी चंद्रमुखी घिंटाला का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सत्यदीप भोजक ने किया। समारोह में विजय महर्षि, ललित बाहेती, सुरेश भादानी, विमल भाटी, कृषि अधिकारी कन्हैयालाल सारस्वत सहित अनेक मौजिज लोग शामिल हुए।
इन युवाओं का किया मान सम्मान, महिमा दी प्रेरणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समिति द्वारा युवा दिवस के उपलक्ष में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत 6 युवाओं को सम्मानित किया गया। नवचयनित न्यायाधीश महिमा दुगड़, समाजसेवा के क्षेत्र में डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम सोसायटी के रोशन अली तेली, कला क्षेत्र में आर्टिस्ट सुमित श्याम सूखा, चिकित्सा क्षेत्र में स्वास्थ्य मार्गदर्शक पवन नाई, योग के क्षेत्र में जयकिशन दातवानी, खेल क्षेत्र में गोल्ड मेडलिस्ट आदित्य तावनियां श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय को फूल माला, शॉल व उपहार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आरजेएस महिमा दुगड़ ने युवाओं को मेहनत के साथ स्मार्ट वर्क करने की सलाह दी। उन्होंने सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य को अर्जुन के आंख की तरह देखकर उसका अनवरत पीछा करने की बात कही। सभी सम्मानित युवाओं ने समिति का आभार जताया।











