May 21, 2026
00000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2024। जाखासर में किसानों ने बिजली समस्याओं से परेशान होकर दो माह लगातार धरना देकर जीएसएस का कार्य प्रारंभ करवाया। आखिरकार जीएसएस का कार्य पूरा होने के साथ ही बुधवार शाम को 132/33 केवी 20/25 एमवीए को तेहनदेसर लाइन से बैटरियां चार्ज कर इसे चालू कर दिया गया है। राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता भीखाराम मेघवाल ने तिलक लगाकर इसे शुरू किया। विभाग द्वारा आयोजित पूजा अनुष्ठान कार्यक्रम में मेघवाल ने ग्रामीणों व किसानों के लिए इसे बड़ी सौगात बताते हुए अब किसानों को ट्रिपिंग से राहत मिलने की बात कही। उन्होंने सप्लाई अच्छी मिलने के साथ ही मात्र एक हफ्ते में इसे पूरी तरह से सुचारू कर दिए जाने का विश्वास जताया। अधीक्षण अभियंता-द्वितीय ललित कुमार मेहता ने बताया कि इससे जाखासर ग्राम पंचायत सहित बरजांगसर, बापेऊ व राजेडू की सप्लाई में जबरदस्त सुधार होगा जिससे हजारों किसानों व ग्रामीणों को राहत मिल सकेगी। कार्यक्रम में सहायक अभियंता प्रथम कौशिक मनोज गौड़, सहायक अभियंता-द्वितीय राजेश कुमार शर्मा, कनिष्ठ अभियंता जितेश स्वामी व अमित भाटिया, इंजीनियर सुपरवाइजर जयशंकर शर्मा, वेल्डर प्रथम आनंद सिंह, टेक्नीशियन महेश सुथार मौजूद रहें। विभागीय अधिकारियों ने जाखासर के ग्रामीणों का सहयोग के लिए आभार जताया और ग्रामीणों ने बिजली राहत देने के लिए अधिकारियों का स्वागत सम्मान करते हुए आभार जताया। इस दौरान सरपंच मल्लाराम सारण सहित गांव के अनेक मौजिज ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए। ग्रामीणों ने गांव में इस बड़े विकास कार्य के हो जाने पर इसे राहत का कार्य बताते हुए विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व विधायक गिरधारी महिया, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, विभागीय कर्मचारियों का आभार जताया। ग्रामीणों ने भारतीय किसान संघ के संभाग प्रभारी तोलाराम जाखड़ के सहयोग की सराहना करते हुए धरने पर लगातार ग्रामीणों के साथ डटे रहने के लिए उनका आभार जताया।