






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अक्टूबर 2024। लगातार जलवायु परिवर्तन की चर्चाओं के बीच श्रीडूंगरगढ़ अंचल में भी मौसम में परिवर्तन के दुष्प्रभाव आमजन महसूस कर रहा है। बुधवार दोपहर बरसात के साथ ओले गिरने से बारानी फसलों सहित कटाई की हुई मूंगफली की फसल चौपट हो गई है। जिससे अनेक किसानों को भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के गांव उदरासर में आज करीब 45 मिनट भारी बरसात हुई और चने के आकार के ओले गिरे है। ओले पड़ने से व खेतों में जलभराव होने से पकी हुई मोठ, मूंग, बाजरी की फसलें बर्बाद हो गई है। किसानों ने बताया कि गांव की उत्तरादी व आथुनी रोही में अधिक बरसात हुई है। यहां अभी भी बादल छाए है। किसानों ने बताया कि अनेक खेतों में मूंगफली की फसल कटाई का कार्य जारी था और उन खेतों में मूंगफली भीग जाने से किसानों को भारी नुकसान होगा। भाजपा महिला मोर्चा की जिला देहात उपाध्यक्ष सुमन स्वामी ने प्रशासन से किसानों के नुकसान का आंकलन करने की मांग की है।






