






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 सितंबर 2022। श्रीडूंगरगढ़ शहर में लंबे समय से पानी की टंकियां साफ नहीं होने और टूटी लाइनों से दूषित पेयजल की सप्लाई हो रही है और विभाग सुनवाई नहीं कर रहा। ऐसे में कस्बे की युवा वकील दीपिका करनानी ने स्थानीय न्यायालय में जनहित में दावा पेश किया था। दावे को न्यायालय द्वारा सुना गया और दोनों पक्षों की ओर से बहस की गई। बहस और तर्क के आधार पर न्यायालय द्वारा जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को 10 दिनों के भीतर कस्बे की सभी टंकियों की सफाई करवा कर ढक्कन लगाने, कस्बे में इनपुट और सप्लाई लाइनों का निरीक्षण कर समस्त लीकेज दूर करने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने यह निर्णय गत 1 सितम्बर को दिया था और आज निर्णय की नकल प्राप्ति हुई है। न्यायालय के आदेशों की पालना कर जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को आगामी 12 सितम्बर को पालना रिपोर्ट न्यायालय में पेश करनी होगी।



