






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 सितंबर 2025। ये रेहड़ियां हमारे रोजगार का माध्यम है, इनसे ही हमारे परिवार पल रहें है। रोज रोज हटाने की कार्रवाई से परेशान है और प्रशासन हमें स्थाई स्थान दे देवें जिससे हम हमारे परिवार का पेट पाल सकें। ये गुहार मुख्य बाजार में स्थित रेहड़ी संचालकों ने लगाई। सोमवार को उपखंड अधिकारी व ईओ के आदेशानुसार पालिका दल ने मुख्य बाजार, पुराना बस स्टैंड व लाइब्रेरी के आस पास से करीब 50 रेहड़ियां हटवाई है। स्वास्थ्य निरीक्षक हरीश गुर्जर ने टीम के साथ कहीं समझाईश से, तो कहीं हल्के विरोध के बाद रेहड़ियों को हटवाया। गुर्जर ने बताया कि मुख्य रास्ते खाली करने के नियमों के तहत अधिकारियों के निर्देशों के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। इस दौरान रेहड़ी संचालकों ने पेट पालने की दुहाई देते हुए पुराने बस स्टैंड की चारदीवारी में रेहड़ी लगाने की बात कहते हुए परिसर में घुसने का प्रयास भी किया। परंतु पालिका कार्मिकों ने उनसे समझाईश की। इस पर रेहड़ीवालों ने अधिकारियों से स्थाई जगह रेहड़ी लगाने के लिए दिलवाने की मांग करते हुए मामूली हंगामा भी किया। बता देवें रेहड़ियों के कारण बाजार में खासी समस्याएं भी होती है। बाजार में ट्रैफिक दबाव बढ़ने के साथ ही जाम की समस्या खड़ी हो जाती है और वाहनों को निकलने के लिए स्थान नहीं मिल पाता। इसके साथ ही रेहड़ियों के इर्द गिर्द मंडराते बेसहारा पशुओं का जमावड़ा भी बड़ी समस्या बनी हुई है। जो अनेक बार बड़ी दुर्घटना का कारण बना है। ऐसे में अनेक संगठन व लोगों ने बाजार को अतिक्रमण मुक्त करवाने की मांग भी प्रशासन से की है।





