






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जुलाई 2024। एक तलाक के बाद परिजनों ने महिला का दूसरा विवाह किया परंतु दूसरा पति लालची निकला व 5 लाख रूपए नगदी और एक मोटरसाइकिल के लिए उसने विवाहिता को उसकी बेटी के साथ घर से निकाल दिया। आड़सर बास निवासी जगदीश की पुत्री बेबी ने मामला दर्ज करवाते हुए चाड़वास, बीदासर निवास अपने पति पवन कुमार पुत्र भंवरलाल नाई व अपनी सास झुमादेवी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका 2019 में पहले पति से तलाक हो गया। पहले पति से एक पुत्री है जो उसके साथ रहती है। पहले तलाक के बाद उसका दूसरा विवाह 2020 में पवन के साथ रीति रिवाज से किया गया। उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार गहने व दहेज दिए परंतु विवाह के बाद पति व सास उसे शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देने लगे। आरोपियों ने कहा कि दहेज में 5 लाख रूपए और मोटरसाइकिल के लिए उससे विवाह करने की बात कही। आरोपियों ने 2 वर्ष पूर्व परिवादिया व उसकी बेटी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। 25 जून 2024 को आरोपी परिवादिया के पीहर आए और उसके पिता, भाई व एक अन्य पडौसी ने उन्हें समझाते हुए घर बसाने बाबत निवेदन किया तो आरोपी ने पांच लाख नगदी व मोटरसाइकिल देने पर ही घर बसाने की बात कही। आरोपी ने उसका स्त्रीधन लौटाने से भी मना कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई इंद्रकुमार को दी गई है।




