






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 दिसंबर 2023। आज क्षेत्र में गांव रीड़ी व बाना में विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची और सरपंचो की अगुवाई में ग्रामीणों ने यात्रा रथ का स्वागत किया। गांव रीड़ी में सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विकसित भारत संकल्प में भागीदारी निभाने की शपथ ली। सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ ने बताया कि मेरी कहानी-मेरी जुबानी के माध्यम से लाभार्थियों ने विभिन्न योजनाओं में मिले लाभों के बारे में बताया। शिविर में केन्द्र सरकार की 17 फ्लैगशिप योजनाओं से संबंधी प्रचार सामग्री, ब्रोशर, पैम्पलेट, कैलेण्डर आदि का वितरण किया गया। इस दौरान अनेक ग्रामीणों की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच टीबी स्क्रीनिंग, एनिमिया उन्मूलन, बीपी, शुगर आदि की जांच की गई एवं चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान कृषि विशेषज्ञ सुरेंद्र मारू ने किसानों को खेतों में ड्रोन के माध्यम से नैनो यूरिया के छिड़काव का प्रदर्शन करते हुए जैविक खेती व मृदा स्वास्थ्य कार्ड सहित उन्नत खेती से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारियां दी। गांव के उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामीण व प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर में अनेक महिलाओं की गोदभराई व बच्चों को अन्नप्राशन की रस्म की गई। इस दौरान जाखड़ सहित पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि पोकरनाथ सिद्ध, ईश्वरनाथ, रामेश्वरलाल जाखड़, मदनलाल शर्मा, हिम्मताराम शर्मा, रामचंद्र ठाकर, मोटाराम जाखड़, भानीनाथ, आदूनाथ, उदनाथ सहित बड़ी संख्या में शामिल रहें।









