






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 सितंबर 2022। तोलियासर के कांकड़ मंदिर के पास देर रात एक सड़क दुर्घटना हुई है जिसमें एक युवक की मौत हो गयी है। झंवर बस स्टैंड पर बाइक व कार एसेसरीज व डेकोरेशन की दुकान में काम करने वाला 28 वर्षीय हनुमान सिंह पुत्र स्वर्गीय लूणसिंह चांवडिया निवासी तोलियासर देर रात दुकान दे अपने गांव जा रहा था। तोलियासर से कुछ दूर पहले ही उसकी मोटरसाइकिल एक गाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी युवक की मौत हो गई और गाय भी वहीं ढेर हो गई। युवक को उधर से आ रही एक कार द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया। परन्तु अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उसने दम तोड़ दिया। श्रीडूंगरगढ़ पहुंचते ही ड्यूटी ऑफिसर डॉ. रविन्द्र गोदारा ने उसे मृत घोषित कर दिया है। गांव से सरपंच प्रतिनिधि गिरधारी सिंह अस्पताल पहुंच गए। मानवीय दृष्टिकोण के मद्देनजर ये खबर रात को ही नहीं देकर सुबह दी गई है।
विधवा मां का लाडला, भाई बहनों का दुलारा, दोस्तों का हनी, सबको रूला गया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पिता का देहांत हो जाने के बाद 2 बहनों व 3 भाइयों में सबसे छोटा हनुमान सिंह मां का लाडला था। जिंदादिल और क्रिकेट खेलने का शौकीन होने के कारण दोस्तों में लोकप्रिय था और हनी के नाम से प्रचारित था। घटना की सूचना के साथ ही बड़ी संख्या में उसके दोस्त अस्पताल पहुंच गए और सभी की आंखें नम हो गई। माँ के कलेजे से चीत्कार उठ रही है और ग्रामीण सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहें है। भाई बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव भर में माहौल गमगीन हो गया है।
जहां करीब एक हफ्ते पहले गूंजे मंगलगीत, आज मचा है वहां कोहराम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिस घर में करीब एक हफ्ते पहले ही हनुमान की सगाई के मंगलगीत गाए गए और आज उसकी मौत पर कोहराम मचा है। गांव में युवक की मौत पर हर कोई शोक प्रकट कर रहा है।
हनी रे क्यों नहीं पहना हेलमेट.?
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। युवक की गाय से टक्कर में युवक की मौत के साथ गाय ने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रथम दृष्टया तेज गति व गिरते ही सर पर लगी गंभीर चोट मौत का कारण बनी है। अस्पताल में हनुमान के दोस्त अफसोस प्रकट कर रहें है कि हनी रे हेलमेट क्यों नहीं पहना था। अगर हेलमेट होता तो संभवत दोस्तों के बीच होता। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स लगातार प्रबुद्ध पाठकों से निवेदन करता है कि गांव से श्रीडूंगरगढ़ आने या यहां से गांव जाने के दौरान हेलमेट जरूर पहने व अपनी मोटरसाइकिल को नियंत्रित गति में चलाए।



