






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 मार्च 2025। गुरूवार देर रात शुभ मुहूर्त में कस्बे में अनेक स्थानों पर परंपरागत विधि विधान से होलिका दहन के सामूहिक आयोजन संपन्न हुए। इससे पूर्व महिलाओं ने परिवार सहित होलिका का पूजन किया और हल्दी, चावल, गेंहू की बालियां और नारियल, कपूर, गोबर से बने बड़कुले अर्पित किए। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि विधान से होलिका की परिक्रमा कर परिवार में सुख समृद्धि की प्रार्थनाएं की। होलिका दहन के बाद लोगों ने एक दूसरे को होली की बधाई दी। देर रात तक चंग बजते रहें। होली के सुगुन के आधार पर ही किसान वर्ग आगामी जमाने के बारे में अनुमान लगा लेते है। होली का दहन करते समय जो अग्नि का रुख जिस दिशा में जाता है उस दिशा में अच्छे जमाने के संकेत होना माना जाता है। उदरासर के किसान मोहनदास स्वामी आथुना बास ने बताया कि अबकी बार, गांव की आथूनी और उत्तरादी रोही में अच्छे जमाने के संकेत मिले है। गांव मे ग्रामीणों ने होली गई हलोतियों आयो की बात कही। आप भी अंचल भर से होलिका दहन के देखें विभिन्न फोटो।




















