May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अगस्त 2022। विश्व आज महिला समानता दिवस मना रहा है और महिला सम्मान व समानता पर आज राज्य में कई कार्यक्रम आयोजित हो रहें है। इधर श्रीडूंगरगढ़ में एक बेटी ने थाने पहुंच कर दहेज के लिए दो बच्चों के साथ घर से निकाल देने का आरोप लगाते हुए अपने पति व ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। 27 वर्षीय समिम बानो पुत्री जाकिर हुसैन चेजारा निवासी मोमासर बास ने अपने पति इमतियाज, ससुर नवाब चेजारा निवासी चेजारों का मौहल्ला, फतेहपुर, सीकर सहित अपनी सास बतुल बानो, जेठानी शाहीन बानो पत्नी मुकतीयार, जेठ इरशाद व उसकी पत्नी फनाज बानो पर आरोप लगाया है। समिम ने पुलिस को बताया कि सात साल पहले उसकी शादी हुई व शादी के बाद से ही आरोपी उसे कम दहेज के लिए ताने देते थे। आए दिन पति शराब पीकर घर आता व मारपीट करता। पति ने पांच लाख रूपए पीहर से लाने के लिए कहता। जब ये बात पिता को बताई तो माता पिता फतेहपुर आए, इस पर आरोपी ने उनके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट की। 11 अगस्त को पति ने नशे में बेटी व बेटे के साथ मारपीट कर घर से निकालते हुए घर में घुसने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक बलवीरसिंह के सुपुर्द की है।