






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 मार्च 2024। गत 8 मार्च की रात को गांव तोलियासर के निकट हेतराम नायक का शव मिला व 12 मार्च की शाम उसकी पत्नी लाली नायक का शव झाड़ियों में मिला। इस मामले में बड़ी अपडेट का खुलासा श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने किया है। थानाधिकारी इंद्रलाल ने बताया कि मामले के जांच अधिकारी एएसआई रविंद्रसिंह ने गहरे अनुसंधान के बाद हत्या जैसे संगीन मामले की कड़ियां खोल दी है। मृतका के भाई मुख्य आरोपी मनोज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविंद्रसिंह ने बताया कि लिखमादेसर अपने ससुराल में अपनी पत्नी लाली नायक को मिलवा कर लौट रहें हेतराम निवासी रीड़ी के साथ उसका साला मनोज भी बाइक पर ही था। रास्ते में इन्होंने शराब पी और किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में मृतक हेतराम ने रॉड से वार कर लाली की हत्या कर दी। वहीं तैश में आए उसके भाई मनोज नायक ने हेतराम की हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने मनोज पुत्र मोतीराम नायक निवासी लिखमादेसर को हवालात में पहुंचा दिया है। ये रहें शामिल– पुलिस द्वारा की गई गहन जांच की कार्रवाई में थानाधिकारी इंद्रकुमार के निर्देशन में एसआई धर्मपाल, एएसआई रविंद्र सिंह, धापा सारण, कांस्टेबल राजवीर, अनील, गोगराज का सराहनीय सहयोग रहा है।





