






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जनवरी 2024। एक विवाहिता को 3 लाख 70 हजार नगदी, मोटरसाइकिल व गहनों की मांग करते हुए दो बच्चों सहित घर से निकाल देने का मामला थाने में दर्ज हुआ है। मामले के जांच अधिकारी एसआई बलवीरसिंह ने बताया कि गांव रीड़ी निवासी फिरदोस तेली ने अपने शौहर शौकत, ससुर रफीक पुत्र अब्दुल मान भाटी, सास मैना, मामा ससुर अब्दुल पुत्र गन्नी चौहान व मामी सास परवीना पत्नी मुंशी चौहान, निवासी भोजरासर के खिलाफ आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके दो बेटे 12 वर्ष व 11 वर्ष है तथा उसके पहले पति की कोरोना से 2021 में मौत हो गई। तब वह पिता के पास रीड़ी में ही रहने लगी। उसका दूसरा निकाह 5 मार्च 2023 को शौकत पुत्र रफीक तेली निवासी वार्ड नबंर 22, सरदारशहर के साथ रीड़ी में संपन्न हुआ। जिसमें पहले ही तय हुआ कि शौकत उसका व उसके दोनों पुत्रों भरण पोषण करेगा। ससुराल में पति सहित परिजनों ने कुछ दिन तो पीड़िता व उसके बच्चों को ठीक से रखा परंतु कुछ ही दिनों में कम दहेज के ताने देकर तीन लाख सत्तर हजार रूपए व एक मोटरसाइकिल व गहने पीहर से लेकर आने की मांग करने लगे। बच्चों सहित उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगे। आरोपी उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। 6 माह पहले आरोपियों ने मारपीट करते हुए परिवादिया को बच्चों के साथ घर से निकाल दिया। 31 दिसंबर 2023 को आरोपी पीड़िता के पीहर आए व अनेक रिश्तेदारों ने इनसे घर बसाने की बात कही। आरोपियों ने बिना दहेज के घर बसाने से इंकार करते हुए अपनी मांग पर कायम रहें तो पीड़िता ने अपना स्त्रीधन दिलवाने व आरोपियों को सजा देने की मांग करते हुए थाने में मामला दर्ज करवाया है।



