






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अप्रैल 2022। सरकारी महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्रवासियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। विद्यालय के पहले सत्र की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो रही है। यह खुश खबरी क्षेत्रवासियों की जानकारी के जरूरी है क्योंकि राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत श्रीडूंगरगढ़ का चयन भी हुआ है। यहां पर हनुमान धोरा मंदिर परिसर में स्थित पंडित कन्हैयालाल सिखवाल राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का गठन किया गया है। क्षेत्र के राजकीय शिक्षकों में से इंटरव्यू के माध्यम से शारीरिक शिक्षक सहित श्रेष्ठ 13 शिक्षकों का चयन कर शिक्षा विभाग ने इस विद्यालय में नियुक्त कर दिया है। कक्षा 1 से 8 तक के इस विद्यालय में प्रवेश के लिए अभिभावक आगामी 2 मई से 10 मई तक अपने बच्चों के आवेदन कर सकेगें। विद्यालय प्रभारी रामप्रताप जाखड़ ने बताया कि 2 मई से 10 मई तक प्रवेश के लिए आवेदन पत्र जमा करवा सकेगें एवं आवेदनों की जांच कर 13 मई को आवेदनों की सूची चस्पा की जाएगी। क्षमता से अधिक आवेदन होने पर 14 मई को लॉटरी द्वारा प्रवेशित बच्चों का चयन किया जाएगा एवं 15 मई से प्रवेश प्रकिया शुरू कर दी जाएगी। जाखड़ ने बताया कि प्रत्येक कक्षा में अधिकतम 30 बच्चों को ही प्रवेश दिया जाएगा। विदित रहे कि कस्बे से बाहर खुले वातावरण में पेड़ पौधों के बीच स्थित इस विद्यालय में प्रवेश करवाने के लिए क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। विद्यालय में चयनित किए गए शिक्षकों द्वारा भी समर्पण भाव देखने को मिल रहा है एवं नया विद्यालय शुरू होने के कारण विद्यालय को सम्मानित स्तर पर ले जाने के लिए प्रयास किए जा रहे है। गत रविवार को विद्यालय के शिक्षकों ने श्रमदान किया तथा शिक्षक विद्यालय परिसर को साफ सुथरा करने से लेकर सजावट करने में जुटें रहें।



