






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 जनवरी 2025। साल 2025 प्रारंभ होने के साथ ही गत वर्ष का लेखा जोखा व नाप तोल भी प्रारंभ हो गया है। 2024 में श्रीडूंगरगढ़ व सेरूणा थानों में अपराध में कमी आई है वहीं प्रकरणों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जिससे इस वर्ष बकाया प्रकरणों की लिस्ट कम हो गई। बता देवें थानों में 1 जनवरी से ही मामलों का रिकॉर्ड 1 नंबर से प्रारंभ होता है। गत एक जनवरी को 2025 का पहला मामला ऊपनी में बिजली विभाग के कार्यालय से लाखों की चोरी का दर्ज हुआ। वहीं थाने का गत वर्ष श्रीडूंगरगढ़ थाने के बारे में पढें विशेष रिपोर्ट श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ:-
क्षेत्र में अपराधों में आई कमी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में गत वर्ष 2024 में 2023 की तुलना में अपराधों में कमी दर्ज हुई है। श्रीडूंगरगढ़ थाने में 2023 में 679 अपराधिक मामले दर्ज हुए। वहीं 2024 में 565 मामले थाने में दर्ज हुए। जिनमें मात्र 48 मामलों का निस्तारण बकाया है शेष सभी मामलों का निस्तारण कर दिया गया है। दर्ज मामलों के आधार पर कहा जा सकता है कि 2024 में अपराधों में गिरावट आई और 16.75 प्रतिशत मामले कम दर्ज हुए। थानाधिकारी इंद्रकुमार ने थाना स्टाफ के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि स्टाफ की मेहनत से परिवादों का निस्तारण तेजी हुआ व दर्ज मामलों में मात्र 8.5% पेंडेंसी शेष रही है। जिन पर भी कार्य किया जा रहा है।
दुर्घटनाओं में 38 जनों ने गवांई जान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर जयपुर हाइवे पर श्रीडूंगरगढ़ का इलाका सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में रेड जॉन में शामिल है। गत 2024 के वर्ष में श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में 55 सड़क दुर्घटनाओं में मामले दर्ज हुए जिनमें 38 लोगों ने अपनी जानें गवांई है। यहां ये ध्यान रहें कि अनेक छोटी दुर्घटनाओं व चोटिल होने, गाड़ियों क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं के मामले दर्ज नहीं हो पाते वहीं दुर्घटनाओं का रिकॉर्ड सेरूणा थाना क्षेत्र का इससे पृथ्क भी है। थानाधिकारी इंद्रकुमार ने टाइम्स से विशेष बातचीत में बताया कि पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए 2025 में यातायात जागरूकता के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चारपहिया व दुपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना को अपनी आदत में ढालना होगा क्योंकि लापरवाह लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के प्रावधान है और 2025 में उन्हें अम्ल में लाया जाएगा। इंद्रकुमार ने ग्रामीणों से भी अपने पालतू पशुओं को सड़क से दूर रखने का आग्रह किया है जिससे पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकी है। वहीं पशुपालक सड़क से आना जाना करें तो पशुओं को रेडियम पट्टी का प्रयोग जरूर करें।
2025 में नशे के खिलाफ कार्रवाइयां होगी तेज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। थानाधिकारी इंद्रकुमार ने बताया कि 2025 में आमजन में विश्वास व अपराधियों में भय के लक्ष्य को ध्यान में रखकर सक्रियता से कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना का जागरण हो। आमजन से अपराध होते देख कर चुप रहने की बजाय तुरंत पुलिस को सूचना देने की प्रवृत्ति को बढ़ा सकें। थानाधिकारी ने कहा कि साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को देखते हुए साइबर टीम को मजबूत करने के प्रयास किए जाएंगे और साइबर क्राइम के निस्तारण में तेजी लाई जाएगी।
युवा रहें नशे से दूर, अपनाए नैतिकता का मार्ग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। थानाधिकारी इंद्रकुमार ने टाइम्स के साथ विशेष बातचीत में क्षेत्र के युवा वर्ग को नशे से दूर रहने की अपील की है। गत वर्ष क्षेत्र के युवाओं की नशे में लिप्तता के प्रकरण व अनेक बड़े मामलों में स्थानीय युवाओं के नामजद होने के बाद युवाओं से अपील है कि वे नशे से दूर रहकर अपराध के मार्ग से बचे रहें। उन्होंने कहा कि युवा नैतिकता का मार्ग अपना कर अपने परिवार व समाज के कल्याण के लिए कार्य करें।
सेरूणा थाने में 2024 में दर्ज हुए 138 मामले।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सेरूणा थाना क्षेत्र में भी अपराध में गिरावट आई है। यहां वर्ष 2023 में 171 मामले दर्ज हुए वहीं 2024 में 138 मामले दर्ज हुए। जिनमें गत वर्षों के बकाया मामले जोड़कर मात्र 11 मामले पेंडिंग रहें है। वहीं सेरूणा थाना क्षेत्र में 12 सड़क दुर्घटनाओं के मामले दर्ज हुए जिनमें 8 जनों की अकाल मौत हुई है। एएसआई चैनदान व राजकुमार ने सेरूणा थाना क्षेत्र के युवाओं से अपराध के रास्तों व नशे से दूर रहते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
हवलदार के 14 पद स्वीकृत, 13 पड़ें है रिक्त, पद बढ़ाने की है जरूरत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ थाना स्थापना से अब तक लगातार कार्मिकों की कमी से जूझ रहा है। गत वर्ष थानाधिकारी इंद्रकुमार की अगुवाई में पुलिस का प्रदर्शन अच्छा रहा है। परंतु यहां स्टाफ की कमी को पूरा कर दिया जाए तो कार्यकुशलता व दक्षता में ईजाफा हो सकेगा। यहां फिलहाल कुल 50 पुलिसकर्मी तैनात है। थाने में सीआई सहित दो एएसआई के पद स्वीकृत है और तीनों पदों पर अधिकारी सेवारत है। वहीं थाने में एएसआई के 14 पद स्वीकृत है और मात्र 1 एएसआई सेवारत है शेष सभी 13 पद रिक्त है। हवलदार के 10 पद स्वीकृत है जिनमें से 2 पद रिक्त है। इसके साथ ही श्रीडूंगरगढ़ थाना खुलने से अब तक लगातार यहां 25 ही सिपाही के पद स्वीकृत है और फिलहाल 25 से काम संचालित नहीं हो सकता इसलिए 38 जवान अपनी सेवाएं दे रहें है। थाने में विभिन्न पदों को बढ़ाने की स्वीकृति देने के लिए वर्तमान विधायक ने गत दिनों सरकार को मांगपत्र भी सौंपा था।



