






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2021। शुक्रवार को क्षेत्र में गांव लखासर चर्चित रहा और यह केवल यहां पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दौरे के लिए नहीं बल्कि गांव की बेटियों द्वारा जिला स्तर पर खो-खो प्रतियोगिता में दम दम दिखाने के लिए भी गांव का नाम आज गर्व से लिया जा रहा है। गांव लखासर के राउमावि में जिला स्तरीय बालिका वर्ग की स्कूली सीनियर एवं जूनियर वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता का समापन भी शुक्रवार को हुआ है। जूनियर वर्ग में लखासर विजेता रहा एवं सीनियर वर्ग में खोखराणा गांव की बेटियों ने बाजी मारी। विदित रहे कि लखासर की छात्राएं खो-खो में लगातार कई वर्षों से अपना वर्चस्व कायम रखे हुए है लेकिन विडम्बना है कि यहां पर नियुक्त शारीरिक शिक्षक को बीकानेर डेपुटेशन पर लगाए रखने के कारण इन छात्राओं को उचित प्रशिक्षण नहीं मिल पाता और ऐसे में प्रशिक्षण के अभाव में छात्राओं का साल खराब होता देख गांव के ही युवाओं ने यह बीड़ा उठाया एवं इन छात्राओं को तैयारी करवाई। जूनियर वर्ग में विजेता बनी लखासर स्कूल टीम की कप्तान माया भूकर, खिलाड़ी तीजा, पूजा, गायत्री, भावना प्रजापत, संगीता, बाला, पूजा कंवर, शिवराज, मोना, कविता, शिल्पा आदि ने यह जीत गांव के इन युवाओं को समर्पित करते हुए इनका आभार जताया है। जूनियर वर्ग के फाईनल मैच में लखासर ने शिवनगर खाजूवाला की टीम को 1 पारी, 9 पॉइंट से हराया। इसी प्रकार सीनियर वर्ग में खोखराणा ने रामसर कस्वां को 1 पारी से हराया। प्रतियोगिता समापन पर प्राचार्य राजीव श्रीवास्तव, सरपंच चंदा देवी खिलेरी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। लखासर से चार छात्राओं का चयन राज्य स्तर के लिए होने की सूचना भी मिल रही है और गांव की बेटियों के प्रदर्शन से ग्रामीणों में खासा जोश है।





