May 20, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 मई 2025। कांग्रेस ने बीकानेर में रविवार शाम को संविधान बचाओ रैली निकाली। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे और भाग लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे श्रीडूंगरगढ़ के नेताओं की प्रदर्शन में खासी धमक रही। नेताओं ने उत्साह के साथ नारे लगाए और रैली में शामिल हर एक कार्यकर्ता ने संघर्ष का संकल्प लिया। “संविधान बचाओ रैली” बीकानेर के रतन बिहारी पार्क से अम्बेडकर सर्किल तक आयोजित हुई। रैली प्रारंभ करने से पहले पहलगांव आतंकी हमले व ऑपरेशन सिन्दूर में शहीद जवानों और निर्दोष नागरिकों के लिए दो मिनिट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर संविधान को कमजोर करने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस के एक एक कार्यकर्ता द्वारा संघर्ष करने का ऐलान किया। नेताओं ने कहा कि भारत के संविधान ने हमें आगे बढ़ने का, समानता का अधिकार दिया है। संविधान हमारा गौरव है और इसकी रक्षा करना हमारा धर्म है। देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार जांच एजेंसियों का लगातार दुरुपयोग कर विपक्षियों को परेशान करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब से राज्य में भाजपा सरकार आई है, तब से आमजन त्राहि त्राहि कर रहे हैं। श्रीडूंगरगढ़ से सूडसर ब्लॉक अध्यक्ष श्रीराम भादू, पीसीसी सदस्य हरिराम बाना, रीड़ी सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़, श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष व लिखमादेसर सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध, भगवाननाथ कलवानियां, सोहन महिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, रैली प्रभारी विधायक डूंगरराम गेदर, पीसीसी जिला प्रभारी विधायक शिमला नायक, पूर्व केबिनेट मंत्री बीड़ी कल्ला, पूर्व केबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल, नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी, पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी, भूदान बोर्ड के चेयरमैन लक्ष्मण कड़वासरा, पूर्व मंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल, लूनकरनसर विधानसभा प्रत्याशी डॉ राजेन्द्र मूण्ड, जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल सहित सैंकड़ो नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।