






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 दिसम्बर 2024। जयपुर में बने हुए राज्य की विधानसभा के भवन की तर्ज पर ही क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोमासर का पंचायत भवन का निर्माण गांव के प्रवासी नागरिक केएल जैन द्वारा और मुख्य बाजार में विश्राम गृह का निर्माण आनंद डागा द्वारा अपने गांव, अपनी मिट्टी का कर्ज चुकाते हुए करवाया गया है। पंचायत के इस भव्य भवन सहित बस स्टैण्ड़ पर बने सार्वजनिक विश्राम स्थल का लोकार्पण समारोह शुक्रवार को गांव में बड़े समारोह के रूप में आयोजित किया जाएगा। उपसरपंच जुगराज संचेती ने बताया कि सुबह 11 बजे पंचायत भवन एवं विश्राम स्थल का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक ताराचंद सारस्वत एवं भवन निर्माता कन्हैयालाल जैन, आनंद डागा द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच सरिता देवी संचेती करेंगी व कार्यक्रम में गांव सहित क्षेत्र के अनेक प्रबुद्ध जनों की उपस्थिति रहेगी। भवन निर्माण के प्रेरक विद्याधर शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान गांव के प्रमुख प्रवासी नागरिक जिन्होनें गांव में सार्वजनिक हित में गत पांच सालों के दौरान बड़े निर्माण करवाए है उनका अभिनंदन भी किया जाएगा। इस क्रम में केएलजे फांडेशन द्वारा 70 लाख की लागत से पंचायत भवन निर्माण करवाने, आंगनबाड़ी केन्द्र का नवनिर्माण करवाने पर, अतिवृष्टि प्रभावित 40 परिवारों को निर्माण सामग्री उपलब्ध करवाने पर, स्कूल में 6 लेट-बाथ बनवाने एवं कोरोना काल में करीब 1.5 करोड़ रुपए मोमासर एवं आस पास के गांवों की स्वास्थ्य सेवाओं में खर्च करने पर कन्हैयालाल जैन का, अहमदाबाद प्रवासी आनंद डागा द्वारा गांव के मुख्य बाजार में 21 लाख की लागत से विश्राम भवन बनवाने पर आनंद डागा का, 25 लाख से बनी ई-लाईब्रेरी में 10 लाख रुपए देने वाले सूरजमल तनसुखलाल शांतिलाल संचेती परिवार का, गांव के स्टेडियम में धोलपुर पत्थर लगवाने के लिए 11 लाख रुपए देने वाले पानमल अमृतलाल कुहाड़ परिवार का, गांव में दो पार्क, दो पीपल गट्टे का निर्माण एवं स्वास्थ्य, सांस्कृतिक क्षेत्र में करीब 25 लाख रुपए देने वाले सुरेन्द्र पटवारी का, 20 लाख की लागत से गांव में नया टयूबवैल बना कर पंचायत को देने वाले गोविंदराम प्रवीण कुमार सेठिया का, 8 लाख की लागत से पटवार घर का नवीनीकरण एवं बस स्टेण्ड़ पर छोटा विश्रामालय बनवाने वाले खींवराज महेन्द्र कुमार संचेती परिवार का, 3 लाख की लागत से पार्क बनवाने वाले भोजराज डागा परिवार का एवं 2-2 लाख की लागत से 1-1 प्याऊ बनवाने वाले करणी दान नाहटा परिवार, बंशीधर शर्मा परिवार, नवरत्नमल सेठिया परिवार, नगराज तातेड़ परिवार का एवं गांव में सार्वजनिक हित में खर्च करने वाले दानदाताओं का समारोह में अभिनंदन किया जाएगा।
कार्यकाल पूर्णता की ओर, सहयोगियों का भी होगा सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम पंचायत मोमासर में वर्तमान सरपंच सरिता देवी संचेती का कार्यकाल अब पूर्णता की ओर है। ऐसे में इस ऐतिहासिक कार्यकाल के दौरान ग्राम पंचायत के सहयोगियों का भी शुक्रवार के कार्यक्रम में सम्मान किया जाएगा। उपसरपचं जुगराज संचेती ने बताया कि इस कार्यकाल के दौरान साथी वार्ड पंचों का, गांव में तैनात रहे ग्राम विकास अधिकारियों, पटवारियों, एलडीसी, सफाईकर्मियों सहित गांव के सामाजिक कार्यकर्ता जो पंचायत की गतिविधियों, कार्यों, सामाजिक आयोजनों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई उन सभी का भी सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है एवं पूरे गांव में इस आयोजन के लिए उत्साह का माहौल है। गांव में भव्य आयोजन की तैयारियां प्रारंभ हो गई है। भवन की सजावट संबंधी कार्य किया जा रहा है।




