






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 मार्च 2024। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में स्थित पंडित कन्हैयालाल सिखवाल राजकीय महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल को उन्नत बनाने के लिए समाज के जिम्मेदार नागरिक लगातार आगे आ रहे है। इस विद्यालय में पूर्व में जहां 7 कमरे, प्याऊ आदि जनसहयोग से बन चुके है वहीं शुक्रवार को यहां करीब 3.25 लाख की लागत से बने बालिका सुविधाओं का उद्घाटन भी किया गया है। साथ ही यहां करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से इंडोर खेल मैदान बनाने की घोषणा भी की गई है। शुक्रवार को उद्घाटन एवं घोषणा के साक्षी उपखण्ड अधिकारी उमा मितल भी बनी और श्रीडूंगरगढ़ की दानवीर परम्परा को आगे बढ़ाने वाले भामाशाहों का आभार जताया।
सिंघी करवाएगें इंडोर खेल मैदान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जनसहभागिता योजना के तहत विद्यालय प्रांगण में इंडोर खेल मैदान बनवाने की घोषणा शुक्रवार को शहर के दानदाता मोहनलाल सिंघी द्वारा की गई है। शुक्रवार को विद्यालय में आयोजित स्वीप कार्यक्रम, पीटीएम व बालिका शौचालय उदघाटन कार्यक्रम के दौरान सिंघी के साथ रहने वाले बजरंग लाल सोमाणी ने सिंघी से फोन पर वार्ता की एवं उनके द्वारा विद्यालय में यह खेल मैदान बनाने की स्वीकृति से विद्यालय प्रशासन को अवगत करवाया। इस हेतु प्रेरक रहे विद्यालय वरिष्ठ सहायक जितेन्द्र सोनी ने बताया कि इंडोर खेल मैदान 135 फीट लंबा एवं 90 फीट चौडा व 35 फीट ऊंचा होगा। इसकी लागत करीब 2 करोड़ रुपए होगी जिसमें से 1 करोड़ रुपए सरकार द्वारा व 1 करोड़ रुपए दानदाता द्वारा लगाए जाएंगे।
सेवा में सतत रहेगें सक्रिय, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिया आश्वासन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पंडित कन्हैयालाल सिखवाल राजकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल जब श्रीडूंगरगढ़ शहर का सर्वश्रेष्ठ विद्यालय बनेगा तभी आम आदमी की पहुंच में इंग्लिश मीडियम शिक्षण संभव हो पाएगा। इसके लिए हम सभी सामाजिक कार्यकर्ता विद्यालय के विकास में सतत सक्रिय रहेगें। यह बात कही शुक्रवार को कस्बे के विभिन्न संस्थाओं से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं ने और मौका था यहां दिवंगत पुखराजदेवी-भंवरलाल राखेचा की स्मृति में उनके परिवार द्वारा बनवाए गए बालिका सुविधाओं के लोकार्पण का। प्रेरक बने विद्यालय शिक्षक रमेश शर्मा ने बताया कि राखेचा परिवार द्वारा बालिकाओं के लिए अलग से सुविधाओं का निर्माण करवाया गया है। इनका लोकार्पण सामाजिक कार्यकर्ता तुलसीराम चौरडिया ने किया एवं इस दौरान श्रीगोपाल राठी, रमेश बिहानी, निर्मल पुगलिया, जगदीश भामूं, ललित बाहेती, सत्यनारायण भोजक, सुरेश भादानी आदि मौजूद रहे।
शत प्रतिशत मतदान के लिए दी प्रेरणा, सैनिक स्कूल में चयनित छात्र का किया अभिनंदन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में शुक्रवार को हुए कार्यक्रमों की श्रृंखला में पैरेंटस-टीचर मिटिंग व उपखण्ड प्रशासन द्वारा स्वीप कार्यक्रम भी रखा गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों के परिजन पहुंचें एवं अपने अपने बच्चों की प्रगति के बारे में जाना। प्राचार्या विमला गुर्जर ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल हुए अभिभावकों को संबोधित करते हुए एसडीएम उमा मित्तल ने शत प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के कक्षा पांच में अध्ययनरत छात्र वंश गोदारा का अभिनंदन किया गया। इस दौरान विद्यालय छात्राओं ने मतदान की प्रेरणा देने संबंधी विभिन्न रंगोलियों का निर्माण किया।
यह रहे सक्रिय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शुक्रवार को कन्हैयालाल सिखवाल इंग्लिश मीडियम स्कूल में हुए विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन में विद्यालय शिक्षक महावीर सारस्वत, मुरलीधर स्वामी, पवन गोयतान, रामप्रताप जाखड़, राजूनाथ सिद्ध, सीताराम जाट, पायल सोनी, अनुसुईया बिठ्ठू, रामकरण डोटासरा, श्रवण पूनियां, प्रशांत आदि सक्रिय रहे एवं संयोजन मूलाराम शर्मा ने किया।




