






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2024। श्रीडूंगरगढ़ थाना परिसर में नवनिर्मित पुलिस क्लब का उद्घाटन गुरूवार शाम को समारोह पूर्वक किया गया। फीता काटकर, पर्दे का अनावरण श्रीडूंगरगढ़ नागरिक संघ, कोलकाता संघ के अध्यक्ष व जीव जतन जनकल्याण ट्रस्ट के मुख्य न्यासी जतनलाल पारख, विधायक ताराचंद सारस्वत, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, पुलिस अधीक्षक कांवेंद्रसिंह सागर ने किया। मंच पर अतिथियों सहित युवा उद्यमी अनील जोशी, संघ के मंत्री महावीर सोनी, सीओ निकेत पारीक, सीआई इंद्र कुमार, तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा, पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा, एडिशनल एसपी प्यारेलाल शिवरान, विक्रम सिंह राजपुरोहित मौजूद रहें। एसपी कांवेंद्र ने कहा कि पुलिस कर्मी फिट रहें एक्टिव रहें इसके लिए क्लब की परिकल्पना व इसे साकार रूप देने के लिए थानाधिकारी इंद्रकुमार का काम साथी पुलिस कर्मियों के लिए भी प्रेरणीय है। उन्होंने कहा कि आमजन पुलिस का साथ देते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करें और नशे के खिलाफ जागरूक होकर युवा अनुशासित नागरिक बने। एसपी ने दानदाताओं का आभार जताया व उनके सम्मान की आवश्कता जताते हुए कहा इससे उनका हौसला बढ़ता है। विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि कर्मभूमि में अर्जन करने और जन्मभूमि में विसर्जन करने वाले विरले लोग अपनी मातृभूमि का कर्ज और फर्ज अदा करते है। उन्होंने पारख की सेवाओं के लिए आभार जताते हुए कहा कि श्रीडूंगरगढ़ के दानदाता बड़े विशिष्ट है, सदेव आगे रहते है। यहां बड़े-बड़े दानदाता है लेकिन कुछ ऐसे लोग भी है जो अपनी क्षमता से ज्यादा बड़ी घोषणा कर देते है। वे बाद में वो काम पूरा नहीं कर पाते। एक बार दिखावा करते है जिससे बाद में दिक्कत आती है। विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने भी दानदाताओं के सहयोग की सराहना करते हुए पुलिस को नागरिकों के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने की बात कही। जतनलाल पारख ने सेवा का मौका देने के लिए इंद्रकुमार का आभार जताया। सभी अतिथियों सहित हरिओम तावनियां, श्यामसुदंर स्वामी, किशोरसिंह राजपुरोहित का भी सम्मान किया। यहां समाजसेवी बृजलाल तावणियां का स्मृति चिह्न भी रखा गया। थानाधिकारी इंद्रकुमार ने सभी अतिथियों का आभार जताया व युवाओं से शारीरिक सक्रियता का आह्वान करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
सभी वक्ताओं ने पारख की सेवाओं की व थानाधिकारी के प्रयासों की सराहना, ये रहें मौजूद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सभी वक्ताओं ने जतनलाल पारख की श्रीडूंगरगढ़ में दी जा रही सेवाओं के लिए उनकी सराहना की। अनिल जोशी ने कहा कि बहुत से लोगों के पास रूपए तो बहुत होते है परंतु समाज हित में वाले लोग विशेष होते है। इनमें जतनलाल पारख अग्रणी नाम है। जोशी ने श्रीडूंगरगढ़ की ओर से उनका आभार जताया। उन्होंने विधायक पर विश्वास जताते हुए कहा कि आगामी पांच साल में कई बड़े कार्य होंगे। सांसद निजी सचिव विक्रम सिंह राजपुरोहित ने पुलिस कार्मिकों अपनी ड्यूटी गर्व के साथ करने की बात कही। उन्होंने थानाधिकारी इंद्रकुमार के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान समारोह में भीकमचंद पुगलिया जयपुर, हेमराज पुगलिया, आनंद पारख, दीपमाला डागा, मदनलाल जोशी, श्याम सुंदर स्वामी, कैलाश बिहानी, गोपाल जोशी, जगदीश स्वामी, भंवरलाल भोजक, श्याम महर्षि, तुलसीराम चौरडिया, श्रीगोपाल राठी, विजयराज सेवग, पवन सेठिया, मनीष नौलखा, बजरंग सेवग, सत्यनारायण स्वामी, रमेश मूंधड़ा, सरपंच संघ अध्यक्ष लक्ष्मणराम जाखड़, जुगराज संचेती, ओमप्रकाश शर्मा, जसवीर सारण, मोहनलाल स्वामी, बीरबल गोदारा, रामचंद्र चोटिया, भंवरराम जाखड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी, शांति समिति, सीएलजी सदस्य व विभिन्न गांवो से आए ग्राम स्तरीय समिति के लोग शामिल हुए।
युं हुआ पुलिस क्लब का निर्माण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अनेक दानदाताओं व नेताओं के सहयोग से पुलिस क्लब का भव्य निर्माण पूरा हुआ है। एक ओर श्रीडूंगरगढ़ नागरिक संघ, कोलकाता द्वारा जीव जतन जनकल्याण ट्रस्ट के सहयोग से पुलिस क्लब के भवन का निर्माण करवाया गया। वहीं जिम की मशीनें विधायक कोष से लगवाई गई है। ओपन जिम के उपकरण पालिका की ओर से लगवाए गए है। तथा ब्लॉक, दूब व अन्य सौन्दर्यकरण का कार्य समाजसेवी अनिल जोशी आडसर के सहयोग से हुआ है। पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में पूरे पुलिस दल ने दानदाताओं के सहयोग के लिए आभार जताया।






