






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 जुलाई 2024। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ओमप्रकाश विश्नोई शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ के दौरे पर रहें और अनेक कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे उपजिला अस्पताल पहुंचे और निरीक्षण के दौरान यहां अस्पताल के आगे भरे गंदे पानी को लेकर कड़ी आपत्ति जताई। विश्नोई ने ईओ से बातचीत कर इसे तुरंत साफ करवाने का आदेश दिया। अधिकारी ने उपखंड अधिकारी उमा मित्तल को भी लगातार इसकी मॉनिटरिंग करने व पालिका से यहां सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। विश्नेाई ने कहा कि इतनी गंदगी में ईलाज होगा या बीमारियां बढ़ेगी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की सभी व्यवस्थाएं जांची। उपजिला अस्पताल प्रभारी डॉ एसके बिहाणी सहित स्टाफ भी मौजूद रहा व विश्नोई को जानकारियां उपलब्ध करवाई। विश्नोई ने विद्युत प्रसारण व वितरण विभाग के कार्यालयों का निरीक्षण किया व बिजली विभाग के अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील होकर सेवाएं देने की बात कही। पीएचईडी के पम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। वे अचानक गांव जैतासर की ओर मुड़े व यहां संचालित कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान चल रही कक्षाओं में बालिकाओं से बातचीत भी की। भोजन का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता व पौष्टिकता के साथ घर जैसा खाना बालिकाओं को देने के निर्देश दिए। इस दौरे के दौरान उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा सहित अनेक प्रशासनिक कार्मिक उनके साथ रहें।
बिग्गा में की जनसुनवाई, पशुओं को दवाईयां नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने जताया रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ओमप्रकाश विश्नोई ने ग्राम पंचायत बिग्गा में अटल सेवा केंद्र में जनसुनवाई की। आयुक्त ने स्वयं समाज कल्याण विभाग की पालनहार योजना में संचालित आठ योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए पूरा लाभ लेने की बात ग्रामीणों से कही। इस दौरान गांव के 22 प्रकरण सामने आए और संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने सरकारी अस्पताल में चिकित्सक व दवाई नहीं मिलने व पशु चिकित्सालय में पशुओं के लिए दवाईयां नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए शिकायत की। ग्रामीणों ने एलडी के नाम पर हो रही बिजली कटौती पर भी रोष जताया तो विश्नोई ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन लगाकर फटकार भी लगाई। ग्रामीणों ने ढीले तारों को कसवाने, बड़ा बास मोहल्ला में जल निकासी करवाने, बाजार से पानी टंकी की ओर जाने वाले रास्त पर टूटी सड़क का पुर्ननिर्माण करवाने की मांगे भी रखी। किसान नेता तोलाराम जाखड़ ने वीर बिग्गाजी मंदिर से नेशनल हाइवे की सड़क को चौड़ा करने की मांग रखी। अधिकारियों ने अपने विभाग की सेवाओं के बारे में जानकारी देते हुए परिवादों के निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, तहसीलदार राजवीर सिंह कड़वासरा, सरपंच जसवीर सारण, डॉ दीपिका, डॉ उत्तमसिंह भाटी, जेईएन सुशील छिंपा सहित बिजली, पानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें। इस दौरान वीर बिग्गाजी मंदिर में दर्शन भी किए।










