


बापेऊ गांव में धूमधाम से मनाई कृष्ण जन्माष्टमी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव में शुक्रवार रात कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आस्था, उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया गया। गांव के मुख्य वार्ड में भव्य आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां सजाई गईं। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। वहीं मामा कंस के वध की झांकी ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नवयुवक मंडल के मोहन मैया ने बताया कि हर वर्ष जन्माष्टमी पर गांव में भगवान कृष्ण की विभिन्न झांकियां सजाकर जन्मोत्सव मनाया जाता है। आयोजन में गांव के मालाराम तविया द्वारा भी विशेष सहयोग किया जाता है।


श्रीडूंगरगढ़ अंचल भी रहा कृष्ण भक्ति में सराबोर, आधी रात गूंजे ‘नंद के आनंद भयो’ के जयकारे, हनुमान धोरा से बॉम्बे कॉलोनी तक जन्माष्टमी की धूम
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गुरुवार रात पूरा शहर कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मंदिरों से लेकर मोहल्लों तक कान्हा के जन्मोत्सव की ऐसी धूम रही कि देर रात तक भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने उत्साह और उल्लास के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हनुमान धोरा में गुब्बारों से सजा मंदिर, भजनों से गूंजा परिसर
हनुमान धोरा में जन्माष्टमी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर उत्सव के रंग में नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा और मंदिर में भजन-कीर्तन का दौर चला। भक्तों ने पूरे उल्लास के साथ कान्हा की आराधना की और जन्माष्टमी की खुशियां मनाईं।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मूंधड़ा मंदिर में आधी रात जन्मे कान्हा, थालियां बजाकर मनाया उत्सव
आडसर बास स्थित मूंधड़ा मंदिर में जन्माष्टमी का उल्लास देखते ही बना। रात 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय हुआ, मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो’ के जयकारों और थालियों की गूंज से भर उठा। श्रद्धालुओं ने जन्मोत्सव की खुशी में एक-दूसरे को बधाइयां दीं। प्रसाद वितरण किया गया तथा बच्चों को खिलौने बांटे गए। अनेक भक्त राधा-कृष्ण के श्रृंगार में सजकर पहुंचे। आडसर बास भजन मंडली ने उल्लासपूर्ण भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए, जिस पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बॉम्बे कॉलोनी में भजनों ने जमाया रंग, मटकी फोड़ ने बढ़ाया रोमांच
बॉम्बे कॉलोनी में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का विशेष भव्य आयोजन हुआ। शंकर लाल व्यास एंड पार्टी, बीकानेर ने मधुर भजनों एवं संगीतमय प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में डूबे रहे। आदेश म्यूजिकल ग्रुप, बीकानेर की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें पं. ठाकुर जोशी ने तबला वादन किया।
महोत्सव के दौरान मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने भी खूब रोमांच पैदा किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। श्रद्धालुओं के लिए विशेष भोग की व्यवस्था भी रही। इस दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी पहुंचे और भजन-संगीत, मटकी फोड़ व कृष्ण जन्मोत्सव के उल्लास का आनंद लिया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्री वीर पाबूजी राठौड़ मंदिर में बच्चियों ने नृत्य से बांधा समां
कालूबास वार्ड नंबर 35 में स्थित श्री वीर पाबूजी राठौड़ मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर महिलाओं एवं बच्चियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्षद लोकेश गौड़ ने बताया कि कार्यक्रम में वार्ड की बच्चियों ने अलग-अलग गीतों एवं भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। बच्चियों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया और पूरा माहौल कृष्ण भक्ति व उल्लास से भर गया। कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष बाबूलाल सुनार, महेंद्र शर्मा, हनुमान माली, नारायण जोशी सहित वार्डवासी मौजूद रहे।

ठाकुर जी महाराज मंदिर में बच्चों ने कृष्ण रूप धर लगाए जन्माष्टमी में चार चांद
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर ठाकुर जी महाराज मंदिर मोमासर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों ने कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मंदिर में करीब 70 वर्षों से जन्माष्टमी कार्यक्रम आयोजित होता आ रहा है। कृष्ण की भूमिका में चीकू शर्मा, वैष्णवी सोनी, कृष्णा सोनी, गुड्डू सोनी व मनीषा सम्मिलित रहे। कार्यक्रम में नर्मदा स्वामी, कांता सोनी, ममता स्वामी, सोनू स्वामी, इंदु मैडम, बेबी सोनी, ज्योति सोनी, दिव्या संचेती सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चे शामिल हुए।
वहीं वीर तेजोजी धाम मोमासर में चल रही भागवत कथा के दौरान भी जन्माष्टमी पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।








